मध्य प्रदेश में भारत का पहला समृद्धि केंद्र | 17 Mar 2026
चर्चा में क्यों?
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना ज़िले के उमरी गाँव में देश के पहले समृद्धि केंद्र का उद्घाटन किया, जो एक एकीकृत ग्रामीण सेवा केंद्र है जिसका उद्देश्य सेवा वितरण की कमियों को दूर करना तथा ग्रामीणों के लिये डिजिटल पहुँच को सुदृढ़ करना है।
मुख्य बिंदु:
- एकीकृत सेवा केंद्र: समृद्धि केंद्र स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग, कृषि सहायता तथा अन्य नागरिक-केंद्रित आवश्यक सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाने में मदद मिलती है।
- यह केंद्र समृद्ध ग्राम फिजीटल सर्विसेज पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भौतिक अवसंरचना और डिजिटल प्रौद्योगिकी के समन्वय से निर्बाध सेवा वितरण सुनिश्चित करना है।
- डिजिटल सशक्तीकरण: डिजिटल अवसंरचना से युक्त यह केंद्र ग्रामीण-शहरी संपर्क को सुदृढ़ करने तथा डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है, जिससे उमरी और आसपास के गाँवों के निवासियों को ऑनलाइन सेवाओं तक सुगम पहुँच मिल सके।
- ग्रामीण लोग यहाँ टेलीमेडिसिन और स्वास्थ्य परामर्श, डिजिटल बैंकिंग एवं वित्तीय समावेशन सेवाएँ, कौशल विकास और शैक्षिक संसाधन, कृषि संबंधी परामर्श तथा ई-गवर्नेंस सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
- प्रौद्योगिकी का एकीकरण: समृद्धि केंद्र में वर्चुअल रियलिटी (VR), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), डिजिटल कक्षाएँ तथा परस्पर जुड़े कंप्यूटर प्रयोगशालाएँ जैसी उन्नत तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया है, जिससे शिक्षण और सूचना प्रसार को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
- मॉडल: यह पायलट केंद्र अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में इसी प्रकार के एकीकृत सेवा केंद्रों की स्थापना के लिये एक विस्तार योग्य मॉडल के रूप में कार्य कर सकता है।
- प्रभाव: इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को सामान्य सेवाओं के लिये शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता को कम करना है, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी तथा समुदाय के भीतर ही आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
|
और पढ़ें: वर्चुअल रियलिटी (VR), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), ई-गवर्नेंस सेवाएँ |