हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान | 08 Aug 2025

चर्चा में क्यों?

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस 2025 के उपलक्ष्य में "हर घर तिरंगा" अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।

  • राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ने के महत्त्व पर ज़ोर देते हुए लोगों से चल रहे अभियान के दौरान दोनों पहलुओं को अपनाने का आग्रह किया।

मुख्य बिंदु

  • स्वतंत्रता और स्वच्छता का उत्सव मनाने वाला "हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता" अभियान तीन चरणों में (2-15 अगस्त 2025) संचालित किया जा रहा है।
    • चरण 1 (2–8 अगस्त): ध्वज-केंद्रित कार्यक्रमों, चर्चाओं, प्रदर्शनियों और तिरंगा रंगोली व ध्वज प्रश्नोत्तरी जैसी इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से देशभक्ति तथा जागरूकता की भावना जागृत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
    • चरण 2 (9–12 अगस्त): इसमें जन सहभागिता पर ध्यान केंद्रित रहा, जिसमें तिरंगा संगीत समारोह, ध्वज बिक्री और तिरंगा रैलियों का उद्देश्य व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
    • चरण 3 (13–15 अगस्त): घरों, कार्यालयों और वाहनों पर तिरंगे के अंतिम प्रदर्शन के साथ-साथ झंडे के साथ सेल्फी अपलोड करने को प्रोत्साहित किया जाएगा।
  • हर घर तिरंगा (HGT) अभियान
    • यह अभियान स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा है।
    • इसका उद्देश्य प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिये प्रोत्साहित करके नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करना है।
    • इसे वर्ष 2022 में आज़ादी का अमृत महोत्सव के तत्त्वावधान में शुरू किया गया था और यह एक जन आंदोलन बन गया।
    • अन्य गतिविधियों में तिरंगा संगीत कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, तिरंगे के विकास पर प्रदर्शनियाँ आदि शामिल हैं।