सीमा-पार डिजिटल भुगतान: भारत-मलेशिया | 20 Feb 2026
चर्चा में क्यों?
NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने मलेशिया के राष्ट्रीय भुगतान नेटवर्क 'पेमेंट्स नेटवर्क मलेशिया Sdn Bhd' (PayNet) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं, ताकि भारत और मलेशिया के बीच QR आधारित मर्चेंट भुगतान को सुगम बनाया जा सके।
मुख्य बिंदु:
- साझेदारी: NPCI इंटरनेशनल और PayNet ने भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को मलेशिया के DuitNow QR भुगतान प्रणाली से जोड़ने के लिये एक रणनीतिक समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।
- चरणबद्ध शुरुआत: यह पहल दो चरणों में लागू की जाएगी:
- चरण I: मलेशिया में भारतीय यात्री अपने UPI-सक्षम ऐप्स का उपयोग करके DuitNow QR कोड स्कैन कर सकते हैं और व्यापारी स्थानों पर सहज भुगतान कर सकते हैं।
- चरण II: भारत में मलेशिया के आगंतुक अपने DuitNow-सक्षम ऐप्स का उपयोग करके UPI QR कोड स्कैन कर भुगतान कर पाएंगे, जब इस एकीकरण का विस्तार किया जाएगा।
- कवरेज: भारतीय पर्यटक मलेशिया में लाखों DuitNow QR स्वीकृति बिंदुओं तक पहुँच पाएंगे, जिनमें रेस्टोरेंट, खुदरा आउटलेट और पर्यटक आकर्षण शामिल हैं।
- इसी तरह मलेशियाई आगंतुक भारत में लाखों UPI QR-सक्षम व्यापारी स्थानों से लाभान्वित होंगे।
- भुगतान अवसंरचना: DuitNow QR मलेशिया का राष्ट्रीय QR भुगतान मानक है, जिसे PayNet संचालित करता है। UPI भारत का वास्तविक समय डिजिटल भुगतान इंटरफेस है।
- इन प्रणालियों को जोड़ने से सीमापार व्यापारी भुगतानों के लिये इंटरऑपरेबल अवसंरचना बनती है, जिसमें विदेशी कार्ड या जटिल मुद्रा विनिमय प्रक्रियाओं की आवश्यकता नहीं होती।
- रणनीतिक दृष्टिकोण: भारत सरकार और भारतीय रिज़र्व बैंक के मार्गदर्शन में, NPCI इंटरनेशनल तथा PayNet का यह सहयोग UPI के वैश्विक स्तर को विस्तृत करने तथा इंटरऑपरेबल रियल-टाइम भुगतान इकोसिस्टम स्थापित करने की भारत की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।