Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 29 सितंबर, 2023 | 29 Sep 2023

2018-एवरीवन इज़ ए हीरो

  • 2018-एवरीवन इज़ ए हीरो एक मलयालम सर्वाइवल ड्रामा है जो 96वें अकादमी पुरस्कारों के लिये भारत की आधिकारिक प्रविष्टि है। यह फिल्म वर्ष 2018 में  केरल में आई विनाशकारी बाढ़ पर आधारित है।
  • केरल में मूसलाधार वर्षा के कारण अगस्त 2018 में आई बाढ़ के बाद वर्ष 1924 सबसे भीषण बाढ़ देखी गई, पश्चिमी घाट में अतिक्रमण, रेत खनन और निर्वनीकरण जैसे पर्यावरणीय कारकों ने इस आपदा में योगदान दिया।
  • अकादमी पुरस्कार, जिन्हें ऑस्कर के नाम से भी जाना जाता है, प्रतिवर्ष अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज़ (AMPAS) द्वारा दिये जाते हैं।
    • इस पुरस्कार का उद्देश्य फिल्म उद्योग के सभी पहलुओं और फिल्म निर्माण में शामिल विभिन्न लोगों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करना और मान्यता देना है।
  • भारत ने वर्ष 2023 में 95वें अकादमी पुरस्कारों में दो ऑस्कर जीतेRRR के "नाटू नाटू" ने सर्वश्रेष्ठ मूल गीत का पुरस्कार जीता और "द एलिफेंट व्हिस्परर्स" ने बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का  पुरस्कार जीता।

और पढ़ें… केरल में बाढ़ की स्थिति

गुजरात में कोनोकार्पस पौधों पर प्रतिबंध

  • गुजरात सरकार ने वन और गैर-वन दोनों क्षेत्रों में गैर-स्वदेशी प्रजाति कोनोकार्पस पौंधों के रोपण पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पेड़ों के प्रतिकूल प्रभाव का हवाला दिया है। इससे पहले तेलंगाना ने भी इन पौधों की प्रजातियों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
  • वैश्विक स्तर पर उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय तटीय क्षेत्रों में पाए जाने वाली और तेज़ी से बढ़ने वाले मैंग्रोव झाड़ी, कोनोकार्पस पेड़, कुछ क्षेत्रों में हरित आवरण को बढ़ावा देने के लिये लगाए गए हैं।
    • हालाँकि उनके छोटे शीतकालीन फूल पराग उत्पन्न करते हैं जो सर्दी, खाँसी, अस्थमा और एलर्जी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा उनकी गहरी जड़ें आधारभूत संरचना, विशेषकर जल निकासी प्रणालियों को नुकसान पहुँचा सकती हैं।

अर्बनशिफ्ट एशिया फोरम

हाल ही में पहला अर्बनशिफ्ट फोरम (एशिया) नई दिल्ली में आयोजित किया गया।

  • इसका प्राथमिक उद्देश्य एकीकृत और टिकाऊ शहरी विकास के लिये क्षेत्रीय शहरों को प्रशिक्षण तथा उनकी क्षमता को बढ़ाना है।
  • अर्बनशिफ्ट शहरी विकास और WRI रॉस सेंटर फॉर सस्टेनेबल सिटीज़ के अंतर्गत एक वैश्विक पर्यावरण सुविधा (GEF)- वित्तपोषित कार्यक्रम है। इसका नेतृत्व संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) द्वारा किया जाता है और C40 शहरों, अंतर्राष्ट्रीय स्थानीय पर्यावरण पहल परिषद (ICLEI), UNDP, एशियाई विकास बैंक (ADB) तथा विश्व बैंक के साथ साझेदारी में कार्यान्वित किया जाता है।

और पढ़ें… नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स

पैंगोलिन की छुपी विविधता

पैंगोलिन, जो कि एक मायावी और अत्यधिक लुप्तप्राय जीव है और अक्सर विश्व में सबसे अधिक तस्करी किये जाने वाले स्तनपायी के रूप में जाना जाता है, ने एक छिपे हुए रहस्य का खुलासा किया है। 

  • पहले माना जाता था कि इसमें आठ प्रजातियाँ- चार एशियाई और चार अफ्रीकी प्रजातियाँ शामिल हैं, शोध से नौवीं पैंगोलिन प्रजाति के अस्तित्व का पता चला है, जिसे अस्थायी रूप से मैनिस मिस्टीरिया (Manis mysteria) नाम दिया गया है। 
    • यह खोज वर्ष 2015 और वर्ष 2019 में चीन के युन्नान प्रांत में तस्करों से जब्त किये गए शल्क (Scales) के विश्लेषण के माध्यम से की गई थी। 
  • वर्ष 2016 से अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर प्रतिबंध के बावजूद नई खोजी गई पैंगोलिन प्रजाति पहले से ही दबाव में है, जिससे घटती जनसंख्या, कम आनुवंशिक विविधता, अंतःप्रजनन और आनुवंशिक भार जैसे  लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

और पढ़ें… पैंगोलिन