Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 10 जनवरी, 2023 | 10 Jan 2023

जय हिंद-नया प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम

केंद्रीय गृहमंत्री ने दिल्ली में 10 जनवरी, 2023 को लाल किले पर 'जय हिंद-नया प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम/लाइट एंड साउंड शो' का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा में है। लाल किले पर पाँच वर्षों के अंतराल के बाद प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। यह  पहले से आयोजित हो रहे प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम का नया रूप है, जिसमें 17वीं शताब्दी से अब तक भारत के इतिहास एवं बहादुरी की गाथाओं की नाट्य प्रस्तुति होगी। एक घंटे का यह कार्यक्रम तीन भागों में विभाजित है। इनमें मराठों के उदय, 1857 का स्वतंत्रता संग्राम, आज़ाद हिंद फौज के उद्भव और उसके मुकद्दमों सहित आज़ादी की लड़ाई से जुड़े भारतीय इतिहास के प्रमुख घटनाक्रमों को दिखाया जाएगा। साथ ही विगत 75 वर्षों में देश के निरंतर विकास को भी कला के विभिन्न रूपों का उपयोग करते हुए प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें प्रोज़ेक्शन मैपिंग, जीवंत गतिविधियों वाली फिल्में, प्रकाश और ध्वनि, अभिनेता, अभिनेत्रियों, नर्तकों तथा कठपुतलियों के कार्यक्रम होंगे। आज़ादी का अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में भारतीय पुरातत्त्व संरक्षण ने यहाँ पहले ही चार संग्रहालय खोले हैं एवं अब नए प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम को इसमें जोड़ा गया है, जिससे लाल किला देखने आने वाले लोगों में देश भक्ति की भावना और मज़बूत होगी।

खेलो इंडिया अभियान के तहत नए केंद्र

केंद्रीय खेल और युवा मामले के मंत्री ने खेलो इंडिया अभियान के तहत देश भर में 1000 केंद्र खोले जाने की घोषणा की है। इनमें से 750 केंद्र पहले ही खोले जा चुके हैं और शेष 250 इस वर्ष अगस्त तक खोले जाएंगे।  राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में इंडोर स्टेडियम के शिलान्यास समारोह के दौरान बताया गया की वर्ष 2017 से 2021 के बीच सरकार ने खेलो इंडिया अभियान पर 2,600 करोड़ रुपए खर्च किये हैं और आगामी वर्षों के लिये 3,400 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है ओलंपिक और अंतर्राष्ट्रीय खेलों के लिये खिलाड़ियों को तैयार करने हेतु केंद्र सरकार लक्षित पोडियम योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। इस अभियान के तहत तीन हज़ार से अधिक खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी के प्रशिक्षण पर छह लाख रुपए से अधिक का खर्च किया जाता है। इस अभियान के माध्यम से देश के पूर्व खिलाड़ियों को भी रोज़गार के अवसर प्रदान किये जा रहे हैं

उत्तर प्रदेश ग्लोबल सिटी 

‘उत्तर प्रदेश सरकार’ ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और G-20 समिट से पहले 100 दिन का “उत्तर प्रदेश ग्लोबल सिटी” अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य राज्य में शहरी क्षेत्रों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है, जिसमें शहरी सुविधाओं में सुधार, वायु गुणवत्ता, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ उचित कचरा निपटान पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। राज्य के सभी 762 नगरीय निकायों में 100 दिवसीय 'उत्तर प्रदेश ग्लोबल सिटी' अभियान शुरू किया गया है। इस वैश्विक आयोजन में सरकार 'ब्रांड यूपी' पेश करेगी। प्रदेश के आगरा, वाराणसी, ग्रेटर नोएडा और लखनऊ ज़िलों में कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। 'उत्तर प्रदेश ग्लोबल सिटी' के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे इसी तरह के अन्य अभियान स्वच्छ ढाबा अभियान, स्वच्छ विरासत अभियान आदि हैं।

अल्ज़ाइमर रोग हेतु दवा 

संयुक्त राज्य अमेरिका फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (USFDA) ने अल्ज़ाइमर की दवा- लेकानेमैब (Lecanemab) (लेकेंबी के रूप में बाज़ार में विपणन) को फास्ट-ट्रैक स्वीकृति प्रदान की है। अपने शुरुआती परीक्षणों में इसने सामान्य मामलों में मस्तिष्क में एमिलॉयड बीटा प्रोटीन जमाव में कमी दिखाई है। अल्ज़ाइमर रोग एक तंत्रिका संबंधी विकार है जिसके कारण मस्तिष्क कोशिकाएँ क्षतिग्रस्त और नष्ट हो जाती हैं जिसके परिणामस्वरूप स्मृति में कमी, बोलने/लिखने की समस्याएँ, खराब निर्णय, मनोदशा तथा व्यक्तित्व में परिवर्तन, समय या स्थान के साथ भ्रम आदि होता है। यह बुज़ुर्ग लोगों में मनोभ्रंश/डिमेंशिया का प्रमुख कारण है।

और पढ़ें.. अल्ज़ाइमर रोग 

वर्ष 2022 में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 70 बिलियन अमेरिकी डॉलर की गिरावट

बढ़ती ब्याज दरों और मुद्रास्फीति के कारण लगातार तीन वर्षों तक वृद्धि के बाद वर्ष 2022 में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 70 बिलियन डॉलर की गिरावट हुई है। यह गिरावट अमेरिकी डॉलर (जो कि भारत में भंडार के रूप में है) के मुकाबले मुख्य रूप से (कुल नुकसान का लगभग 55-60%) अन्य विदेशी मुद्राओं (€, £, ¥) के मूल्यांकन ह्रास के लिये ज़िम्मेदार माना जा सकता हैएक अन्य प्रमुख कारण FPI निकासी है। नतीजतन, भारत अब अपने भंडार (2021-22 में 13 से 2022-23 में 9.2 तक) का उपयोग कर कई महीनों के आयात को कवर नहीं कर सकता है। विदेशी मुद्रा भंडार रखने से भुगतान संतुलन संकट की संभावना कम हो जाती है और अव्यवस्थित बाज़ार के संदर्भ में आर्थिक एवं वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने में मदद मिलती है। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार के अंतर्गत- विदेशी मुद्रा संपत्तियाँ, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार, IMF में आरक्षित स्थिति है

और पढ़ें… - विदेशी मुद्रा भंडार

युवा पेशेवर योजना

17वें प्रवासी भारतीय दिवस पर भारत और यूनाइटेड किंगडम ने युवा पेशेवर योजना (YPS) शुरू करने का फैसला किया है, जिसके तहत उनके 3,000 डिग्रीधारक नागरिकों (18-30 वर्ष की आयु) को एक-दूसरे के देशों में रहने और कार्य करने हेतु 2 साल की अवधि के लिये अनुमति दी जाएगी। YPS की कल्पना भारत-यू.के. साझेदारी के रूप में की गई थी। प्रवासन और गतिशीलता समझौता ज्ञापन (2021 में हस्ताक्षरित) की प्रारंभिक अवधि 3 वर्ष होगी तथा इसके मार्च 2023 तक लॉन्च होने की उम्मीद है।

United-Kingdom

किलाऊआ ज्वालामुखी में पुनः विस्फोट 

हाल ही में हवाई के किलाऊआ ज्वालामुखी में थोड़े समय के विराम के बाद पुनः विस्फोट हुआ। ज्वालामुखी के क्रेटर में विस्फोट जनवरी 2022 में शुरू हुआ था। 

यूएस जियोलॉजिकल सर्विस (USGS) ने स्थानीय लोगों को सल्फर डाइऑक्साइड युक्त खतरनाक ज्वालामुखी धुएँ, पेले के बाल (प्रवाहित लावा के छोटे-छोटे टुकड़े) (पेले अग्नि एवं ज्वालामुखियों की हवाई देवी हैं) और अन्य ज्वालामुखी कणों के बारे में चेतावनी दी है।

किलाऊआ ग्रह पर सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है जिसमें आखिरी बार सितंबर 2021 में विस्फोट हुआ था और 16 माह तक जारी रहा। वर्ष 2018 में विस्फोट ने 700 घरों को नष्ट कर दिया तथा लावा खेतों और समुद्र तक फैल गया।

नवंबर-दिसंबर 2022 में हवाई के मौना लोआ में भी 38 वर्षों में पहली बार विस्फोट हुआ। ज्वालामुखी विस्फोटों का मूल हवाईवासियों के लिये महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक और आध्यात्मिक अर्थ है।

Hawaii

और पढ़ें.. किलाऊआ ज्वालामुखी, मौना लोआ ज्वालामुखी