भारत विस्तार | 18 Feb 2026
हाल ही में, कृषि मंत्रालय ने दिल्ली में AI समिट के दौरान जयपुर, राजस्थान में AI-आधारित 'भारत विस्तार' योजना के प्रथम चरण का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है।
- परिचय: 'भारत विस्तार' एक बहुभाषीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता-आधारित परामर्श प्रणाली है, जो किसानों को मोबाइल या स्मार्टफोन के माध्यम से कृषि-संबंधी प्रश्न पूछने और त्वरित समाधान प्राप्त करने की अनुमति देती है।
- उद्देश्य: AI-आधारित व्यक्तिगत परामर्श के माध्यम से कृषि को सुलभ, किफायती और प्रौद्योगिकी-संचालित बनाना तथा किसानों की आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करना।
- हेल्पलाइन एक्सेस: किसान स्थानीय भाषा में (वर्तमान में हिंदी और अंग्रेज़ी, शीघ्र ही 11 भाषाओं में विस्तारित) त्वरित उत्तर प्राप्त करने और संपूर्ण भारत में मंडी के रियल टाइम मूल्यों की जाँच करने के लिये हेल्पलाइन नंबर 155261 डायल कर सकते हैं।
- एकीकृत मंच: यह एग्रीस्टैक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ज्ञान प्रणाली, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसमी आगतों, बाज़ार मूल्यों और सरकारी योजनाओं को एक डिजिटल इंटरफेस में सम्मिलित करता है।
- किसान ID: एक डिजिटल किसान पहचान पत्र किसानों के डेटा को संगृहीत करेगा और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी सेवाओं को एकीकृत करेगा।
- सेवाएँ: मृदा परीक्षण, बीज, उर्वरक, सिंचाई, ऋण, बीमा और योजना लाभों पर मार्गदर्शन प्रदान करता है, साथ ही उत्पादकता में सुधार और जोखिम को कम करता है।
- अन्य पहलें: शुभारंभ के साथ ही, किसान-केंद्रित एआई हैकथॉन और एग्री कोश AI स्ट्रेटजी रोडमैप का अनावरण किया गया, ताकि कृषि प्रौद्योगिकी में नवाचार को बढ़ावा दिया जा सके।
|
और पढ़ें: इंडिया-AI इंपैक्ट समिट 2026 |