अनुच्छेद 224A के अंतर्गत अस्थायी न्यायाधीश | 05 Feb 2026

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस 

न्यायिक लंबित मामलों से निपटने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम के रूप में, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की अस्थायी न्यायाधीशों के रूप में नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की है।

  • ये नियुक्तियाँ भारतीय संविधान के अनुच्छेद 224A के अंतर्गत की जाती हैं, जो उच्च न्यायालयों में प्रकरणों की लंबितता को कम करने हेतु सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय न्यायाधीशों की अस्थायी नियुक्ति की अनुमति देता है। 
    • उल्लेखनीय है कि देशभर के उच्च न्यायालयों में मामलों का निरंतर बैकलॉग बने रहने के बावजूद, अनुच्छेद 224A का प्रयोग अब तक अत्यंत सीमित रूप में ही किया गया है।
  • अनुच्छेद 224A: संविधान के अनुच्छेद 224A के अंतर्गत, उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा संदर्भ प्रस्तुत किये जाने पर, राष्ट्रपति की पूर्वानुमति प्राप्त कर किसी सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से उस उच्च न्यायालय के अस्थायी न्यायाधीश के रूप में कार्य करने का अनुरोध किया जा सकता है।
    • इस दौरान ऐसे न्यायाधीश को उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के सभी अधिकार-क्षेत्र, शक्तियाँ तथा विशेषाधिकार प्राप्त होते हैं तथा राष्ट्रपति द्वारा निर्धारित भत्तों का अधिकार भी होता है; हालाँकि, उन्हें उस उच्च न्यायालय का स्थायी न्यायाधीश नहीं माना जाता। 
    • महत्त्वपूर्ण रूप से, किसी भी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की नियुक्ति उनकी सहमति के बिना नहीं की जा सकती।
    • वर्ष 2021 में सर्वोच्च न्यायालय ने उच्च न्यायालयों में अभूतपूर्व लंबित मामलों की समस्या से निपटने के लिये अनुच्छेद 224A के अधिक व्यापक उपयोग को प्रोत्साहित करते हुए दिशा-निर्देश जारी किये थे।
  • अस्थायी न्यायाधीशों की नियुक्ति (अनुच्छेद 127): यदि सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों का आवश्यक कोरम उपलब्ध न हो, तो भारत के मुख्य न्यायाधीश (राष्ट्रपति की सहमति से) किसी ऐसे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से, जो सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त होने के लिये योग्य हो, अस्थायी न्यायाधीश के रूप में कार्य करने का अनुरोध कर सकते हैं।
  • सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की सुप्रीम कोर्ट की बैठकों में उपस्थिति (अनुच्छेद 128): संविधान के अनुच्छेद 128 के अंतर्गत, राष्ट्रपति की पूर्वानुमति प्राप्त कर, भारत के मुख्य न्यायाधीश किसी सेवानिवृत्त उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश अथवा योग्य सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्य करने का अनुरोध कर सकते हैं।

और पढ़ें: भारत में न्यायिक नियुक्तियों की कॉलेजियम प्रणाली