प्रिलिम्स फैक्ट्स (31 Dec, 2022)



प्रहरी एप

हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री ने सीमा सुरक्षा बल (Border Security Force-BSF) के जवानों के लिये ‘प्रहरी’ (Prahari) मोबाइल एप लॉन्च किया।

  • इसके साथ ही मंत्रालय ने सीमा सुरक्षा संगठन के प्रशासन, प्रशिक्षण और संचालन की समझ बढ़ाने के हेतु 13 BSF मैनुअल (नियमावली) के संशोधित संस्करण को भी जारी किया।
  • ये मैनुअल BSF जवानों के कार्यों को गति देने में सहायक होंगे। ये सभी रैंक के BSF जवानों और अधिकारियों के कार्यों को सरल बनाएंगे।

एप की प्रमुख विशेषताएँ:

सीमा सुरक्षा बल (BSF):

  • भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद 1965 में BSF का गठन किया गया था।
  • यह गृह मंत्रालय (MHA) के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत भारत के सात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में से एक है।
    • अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल हैं: असम राइफल्स (AR), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और सशस्त्र सीमा बल (SSB)
  • पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमाओं पर 2.65 लाख सैनिक तैनात हैं।
  • इसमें एक एयर विंग, मरीन विंग, एक आर्टिलरी रेजिमेंट और कमांडो यूनिट है।
    • BSF अरब सागर में सर क्रीक और बंगाल की खाड़ी में सुंदरबन डेल्टा जैसी भौगोलिक स्थितियों में भी सुरक्षा प्रदान कर रही है।
    • कानून और व्यवस्था बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण चुनाव कराने में राज्य प्रशासन की मदद करने में BSF की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
    • BSF प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी सुरक्षा प्रदान करती है ताकि मानव जीवन को बचाया जा सके।
  • यह हर साल अपनी प्रशिक्षित जनशक्ति का एक बड़ा दल भेजकर संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन को समर्पित सेवाओं में योगदान देता है।
  • इसे भारतीय क्षेत्रों की रक्षा की पहली पंक्ति कहा गया है।
  • सीमा सुरक्षा बल को एक महावीर चक्र, 4 कीर्ति चक्र, 13 वीर चक्र और 13 शौर्य चक्र सहित कई वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

स्रोत: पी.आई.बी.  


तितलियों का अनुकूलन और उद्विकास प्रक्रियाएँ

एक नए अध्ययन में तितलियों के अनुकूलन और विकास प्रक्रियाओं के कई रोचक पहलुओं पर प्रकाश डाला गया है।  

  • यह अध्ययन कर्नाटक के पश्चिमी घाट में तितलियों की कई प्रजातियों और उनके अनुकरणीय प्रवृत्तियों पर किया गया था।  

Butterfly

अध्ययन के प्रमुख बिंदु: 

  • निष्कर्षों को तीन प्रकार से वर्गीकृत किया गया: 
    • प्रतिरूप प्रजातियाँ: वे प्रजातियाँ जो परभक्षियों के लिये विषैली होती हैं।
    • बेट्सियन अनुहरण प्रजातियाँ: वे प्रजातियाँ जो शिकारियों से बचने के लिये अनपेक्षित प्रजातियों (ज़हरीली) जैसे लक्षण विकसित करती हैं।
    • गैर-अनुकरणीय प्रजातियाँ: वे जो बेट्सियन अनुहारक के साथ घनिष्ठ संबंध साझा करती हैं लेकिन उनमें नकल/अनुहारक की विशेषता का अभाव होता है।
  • “स्वादहीन को प्रतिरूप कहा जाता है और स्वादिष्ट को अनुहारक कहा जाता है। 
  • अनुहरण का उपयोग करने वाली  तितलियाँ उन प्रजातियों की तुलना में तेज़ी से विकसित होती हैं जो अनुहरण का उपयोग नहीं करती हैं।
  • बेट्सियन अनुहारक, समान पंख रंग पैटर्न और उड़ान व्यवहार विकसित करके शिकारियों से बचने के लिये अनुकूल होती हैं।
  • विश्लेषणों से पता चला है कि न केवल रंग पैटर्न बहुत तेज़ दर से विकसित हुए थे, बल्कि अनुहरण वाले समुदायों के सदस्य अपने नज़दीकी फैमिली की तुलना में तेज़ दर से विकसित हुए थे।
    • तितलियाँ रंग और रंग पैटर्न की एक विस्तृत शृंखला प्रदर्शित करती हैं, जो यह दर्शाती है कि पंखों के पैटर्न और रंजक अंतर्निहित आनुवंशिक संरचना अपेक्षाकृत लचीली/नम्य तथा अनुकूलन के लिये अतिसंवेदनशील है।

पश्चिमी घाट: 

  • परिचय: 
    • पश्चिमी घाट पहाड़ों की एक शृंखला से मिलकर बना है जो भारत के पश्चिमी तट (Western Coast) के समानांतर विस्तृत है और केरल, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, तमिलनाडु एवं कर्नाटक राज्यों में विस्तृतहै।  
  • महत्त्व: 
    • पश्चिमी घाट भारतीय मानसून के मौसम पैटर्न को प्रभावित करते हैं जो इस क्षेत्र की गर्म उष्णकटिबंधीय जलवायु से संबंधित हैं।  
    • वे दक्षिण-पश्चिम से आने वाली वर्षा-युक्त मानसूनी हवाओं के लिये एक बाधा के रूप में कार्य करते हैं।  
    • पश्चिमी घाट उष्णकटिबंधीय सदाबहार वनों के साथ-साथ विश्व स्तर पर संकटग्रस्त 325 प्रजातियों का निवास स्थान भी है।  

  UPSC सिविल सेवा  परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQs)  

प्रश्न. हाल ही में हमारे देश में पहली बार निम्नलिखित में से किस राज्य ने किसी विशेष तितली को राज्य तितली घोषित किया है? (2016) 

(a) अरुणाचल प्रदेश
(b) हिमाचल प्रदेश
(c) कर्नाटक
(d) महाराष्ट्र

उत्तर: D

व्याख्या:

  • महाराष्ट्र 'स्टेट बटरफ्लाई' वाला देश का पहला राज्य बन गया। इसने ब्लू मॉर्मन (पैपिलियो पॉलीमनेस्टर) को राज्य तितली घोषित किया है।
  • यह आमतौर पर सदर्न बर्डविंग के नाम से जानी जाने वाली टाइराइड्स मिनोस के बाद भारत की दूसरी सबसे बड़ी तितली है।
  • यह केवल श्रीलंका, महाराष्ट्र के पश्चिमी घाट, दक्षिण भारत और देश के तटीय क्षेत्रों में पाई जाती है।
  • चमकीले नीले धब्बों के साथ इसके मखमली और काले पंख होते हैं। अत: विकल्प D सही उत्तर है।

प्रश्न. भारत के निम्नलिखित क्षेत्रों में से 'ग्रेट इंडियन हॉर्नबिल' के अपने प्राकृतिक आवास में पाए जाने की सबसे अधिक संभावना कहाँ है?

(a) उत्तर-पश्चिमी भारत के रेतीले मरूस्थल
(b) जम्मूू-कश्मीर के उच्चतर हिमालय क्षेत्र
(c) पश्चिमी गुजरात के लवण कच्छ क्षेत्र
(d) पश्चिमी घाट

उत्तर: D

व्याख्या:

  • ग्रेट इंडियन हॉर्नबिल बड़े और व्यापक पक्षी हैं तथा अधिकांश प्रजातियाँ उष्णकटिबंधीय वन आवासों पर निर्भर हैं जिनमें बड़े एवं लंबे पेड़ होते हैं।
  • भारत में नौ हॉर्नबिल प्रजातियाँ हैं, जिनमें से चार पश्चिमी घाट में पाई जाती हैं- इंडियन ग्रे हॉर्नबिल (भारत के लिये स्थानिक), मालाबार ग्रे हॉर्नबिल (पश्चिमी घाट के लिये स्थानिक), मालाबार पीड हॉर्नबिल (भारत और श्रीलंका के लिये स्थानिक) तथा लुप्तप्राय ग्रेट इंडियन हॉर्नबिल। भारत में इसकी ऐसी प्रजाति भी है जो हॉर्नबिल की सबसे छोटी श्रेणियों में से एक है- नारकोंडम हॉर्नबिल, यह केवल अंडमान सागर में नारकोंडम द्वीप पर पाया जाता है। अत: विकल्प D सही उत्तर है।

स्रोत: द हिंदू  


Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 31 दिसंबर, 2022

गेटो सोरा

उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी गेटो सोरा ने मलेशिया के कुआलालंपुर में नौ वर्ष से कम आयु वर्ग की श्रेणी में टॉप अरिना जूनियर इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब जीता है। उन्‍होंने मलेशिया के दूसरी वरीयता प्राप्‍त जेरिल तेह को हराकर यह खिताब जीता। अरूणाचल प्रदेश के गेटो सोरा ने दो महीने में यह दूसरा खिताब जीता है। नवंबर 2022 में सात वर्षीय सोरा ने थाईलैंड के बैंकॉक में बीटीवाई-योनेक्‍स सिंघा चैंपियनशिप जीती थी।

भारत की आज़ादी के अमृत महोत्सव पर सर्बिया ने तैयार किया डाक टिकट

सर्बिया के डाकघर ने भारत की आज़ादी की 75वीं वर्षगाँठ के उपलक्ष्य में एक विशेष डाक टिकट जारी किया है। यह विशेष डाक टिकट सर्बिया के प्रथम उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इविका डेसिक की उपस्थिति में जारी किया गया। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने आज़ादी के 75 साल और देश के लोगों, संस्कृति एवं उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को चिह्नित करने हेतु 12 मार्च, 2022 को अमृत महोत्सव की शुरुआत की थी। 

और पढ़ें…

'केआर गौरी अम्मा नेशनल अवार्ड' 

प्रथम केआर गौरी अम्मा नेशनल अवार्ड क्यूबा की सोशल एक्टिविस्ट डॉ. एलिडा ग्वेरा (Dr. Aleida Guevara) को दिया गया है। डॉ. एलिडा ग्वेरा को केरल के मुख्यमंत्री द्वारा 5 जनवरी को चंद्रशेखरन नायर स्टेडियम के ओलंपिया हॉल में इस अवार्ड में एक प्रशस्ति-पत्र और 3,000 अमेरिकी डॉलर प्रदान किये जाएंगे। डॉ. एलिडा ग्वेरा क्यूबा की एक ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट हैं जो क्यूबा में विकलांग बच्चों के रहने के लिये दो घरों का संचालन करती हैं। साथ ही घरेलू समस्याओं से जूझ रहे शरणार्थी बच्चों के लिये भी दो केंद्रों का संचालन करती हैं। डॉ. एलिडा क्यूबा के मेडिकल मिशन की एक एक्टिव मेंबर भी हैं जो लैटिन अमेरिका में बच्चों के स्वास्थ्य प्रोफाइल को बेहतर करने का कार्य करता है। विकलांग बच्चों के पुनर्वास के अतिरिक्त वह विकासशील देशों को ऋण राहत प्रदान करने के लिये भी प्रयासरत रहती है। उनके इन्हीं प्रयासों को महत्त्व देने के लिये उन्हें सम्मानित किया गया है। केआर गौरी अम्मा भारत में वामपंथी आंदोलन की सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थीं। साथ ही वह एक भारतीय राजनेता और केरल राज्य की पहली राजस्व मंत्री थीं। वह केरल विधानसभा में सबसे लंबे समय तक रहने वाली दूसरी विधायक थीं। उन्होंने 'आत्मकथा' (Atmakatha) नामक एक ऑटोबायोग्राफी प्रकाशित की थी। उनकी ऑटोबायोग्राफी को वर्ष 2011 में केरल साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया था, केआर गौरी अम्मा का निधन 11 मई, 2021 को 102 साल की उम्र में हो गया था।

राष्‍ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप

वर्तमान विश्व चैंपियन निखत ज़रीन (Nikhat Zareen) ने राष्‍ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर वर्ष 2022 का शानदार अंत किया। छठी एलीट राष्‍ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप भोपाल में आयोजित की गई। टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोर्गोहेन (Lovlina Borgohain) ने भी 75 किग्रा. वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। इस राष्‍ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (RSPB) ने 10 पदकों के साथ टीम ट्रॉफी पर कब्ज़ा किया है। वर्ष 2019 वर्ल्ड चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता मंजू रानी ने 48 किग्रा. वर्ग में RSPB को पहला गोल्ड दिलाया।

अविश्वास प्रस्ताव  

महाराष्ट्र में विपक्षी दल ने राज्य विधानसभा के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। अविश्‍वास प्रस्‍ताव का अर्थ है कि संसद/राज्‍य विधानमंडल के एक या अधिक सदस्‍यों ने नियुक्‍त सरकार में विश्‍वास खो दिया है। इसे केवल लोकसभा/राज्य विधानसभा सदस्य द्वारा लोकसभा/राज्य विधानसभा में पेश किया जा सकता है। अध्यक्ष द्वारा स्वीकार किये जाने के लिये इसे कम-से-कम 50 सांसदों/विधायकों द्वारा समर्थित होना चाहिये। यदि प्रस्ताव स्वीकार हो जाता है तो सत्ताधारी दल को सदन में अपना बहुमत सिद्ध करना (फ्लोर टेस्ट) होता है। यदि सरकार सदन में अपना बहुमत सिद्ध करने में विफल रहती है तो उसे त्यागपत्र देना पड़ता है।

भारत-सऊदी MLAT 

भारत और सऊदी अरब आपराधिक मामलों से संबंधित जाँच में एक दूसरे से औपचारिक सहायता प्राप्त करने के लिये पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (Mutual Legal Assistance Treaty- MLAT) पर हस्ताक्षर करने हेतु वार्ता कर रहे हैं। MLAT एक तंत्र है जिसके तहत देश अपराध की रोकथाम/जाँच/अभियोजन में औपचारिक सहायता प्रदान करने/प्राप्त करने के लिये एक दूसरे के साथ सहयोग करते हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अपराधी कानून की उचित प्रक्रिया से बच न सके और न ही इसका उल्लंघन कर सकें। अब तक, भारत ने 45 देशों के साथ MLAT पर हस्ताक्षर किये हैं, लेकिन सऊदी अरब उन कई अन्य देशों में से एक है, जिनके साथ भारत ने MLAT पर हस्ताक्षर नहीं किये हैं। जो देश इस तरह के तंत्र को साझा नहीं करते हैं, वे "पारस्परिकता के आश्वासन" (Assurance of Reciprocity) के आधार पर सम्मन, नोटिस और न्यायिक प्रक्रियाएँ प्रस्तुत करते हैं।

RBI द्वारा मैक्रो–स्ट्रेस टेस्ट  

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने अपनी नवीनतम वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (FSR) में सितंबर 2023 तक सभी अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों के सकल NPA अनुपात में मामूली सुधार का संकेत देते हुए मैक्रो-स्ट्रेस टेस्ट आयोजित किये। समष्टि आर्थिक आघातों के प्रति बैंकों के लचीलेपन को सुनिश्चित करने के लिये RBI मैक्रो–स्ट्रेस टेस्ट करता है। इन परीक्षणों में क्रेडिट जोखिम, ब्याज दर जोखिम, तरलता जोखिम और इन आघातों के प्रति वाणिज्यिक बैंकों का लचीलापन शामिल है। आम तौर पर, RBI स्ट्रेस टेस्ट के लिये तीन परिदृश्यों पर विचार करता है: बेसलाइन और दो प्रतिकूल परिदृश्य - मध्यम एवं गंभीर। बेसलाइन प्रमुख व्यापक आर्थिक घटक (GDP वृद्धि, संयुक्त राजकोषीय घाटा-जीडीपी अनुपात, CPI मुद्रास्फीति, भारित औसत उधार दर, निर्यात-GDP अनुपात और चालू खाता शेष-GDP अनुपात) के स्थिर राज्य पूर्वानुमान मूल्यों से प्राप्त होता है।

आठ प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में वृद्धि 

नवंबर 2022 में आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक की वृद्धि दर बढ़कर 5.4 प्रतिशत पहुँच गई है। नवंबर 2022 में यह 3.2 प्रतिशत थी। आठ प्रमुख उद्योगों में शामिल हैं- कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, स्टील, सीमेंट और बिजली का उत्‍पादन। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) में इन उद्योगों का  भारांश 40.27 प्रतिशत है। घटते क्रम में इन उद्योगों का भारांश: रिफाइनरी उत्पाद> बिजली> स्टील> कोयला> कच्चा तेल> प्राकृतिक गैस> सीमेंट> उर्वरक।