धार में पहला पीएम मित्र पार्क | मध्य प्रदेश | 09 Sep 2025
चर्चा में क्यों?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर, 2025 को पीएम मित्र योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश के धार ज़िले में एक टेक्सटाइल पार्क का उद्घाटन करेंगे।
मुख्य बिंदु
पीएम मित्र योजना के बारे में:
- परिचय:
- भारतीय कपड़ा उद्योग को सशक्त बनाने के लिये कपड़ा मंत्रालय द्वारा वर्ष 2021 में पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल पार्क (MITRA) योजना शुरू की गई थी।
- केंद्र ने पीएम मित्र योजना के अंतर्गत टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने के लिये तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में स्थलों का चयन किया है।
- इन नए टेक्सटाइल पार्कों की स्थापना वर्ष 2026-27 तक की जाएगी।
- प्रत्येक MITRA पार्क में इनक्यूबेशन सेंटर सामान्य प्रसंस्करण गृह और सामान्य अपशिष्ट उपचार संयंत्र के साथ-साथ अन्य वस्त्र-संबंधी सुविधाएँ एवं परीक्षण केंद्र होंगे।
- कार्यान्वयन:
- विशेष प्रयोजन इकाई (SPV): पीएम मित्र पार्क का विकास एक विशेष प्रयोजन इकाई द्वारा किया जाएगा, जिसका स्वामित्व केंद्र और राज्य सरकारों के पास होगा तथा यह सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मोड में संचालित होगा।
- विकास पूंजी सहायता: वस्त्र मंत्रालय प्रत्येक पार्क के SPV को प्रति पार्क 500 करोड़ रुपये तक की विकास पूंजी सहायता के रूप में वित्तीय सहायता प्रदान करेगा।
- प्रतिस्पर्द्धात्मक प्रोत्साहन सहायता (CIS): त्वरित कार्यान्वयन को प्रोत्साहित करने के लिये पीएम मित्र पार्क में इकाइयों को प्रति पार्क 300 करोड़ रुपये तक की CIS भी प्रदान की जाएगी।
- अन्य योजनाओं के साथ अभिसरण: मास्टर डेवलपर और निवेशक इकाइयों को अतिरिक्त प्रोत्साहन सुनिश्चित करने के लिये भारत सरकार की अन्य योजनाओं के साथ अभिसरण को सुगम बनाया जाएगा।
विश्व ड्यूशेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी दिवस | राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स | 09 Sep 2025
चर्चा में क्यों?
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग (DEPwD) प्रत्येक वर्ष 7 सितंबर को विश्व ड्यूशेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी दिवस मनाता है।
मुख्य बिंदु
- संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2024 से प्रत्येक 7 सितंबर को विश्व ड्युशेन जागरूकता दिवस के रूप में नामित किया।
- इस दिवस का उद्देश्य प्रभावित व्यक्तियों एवं परिवारों के प्रति वैश्विक एकजुटता, सहानुभूति और जागरूकता को बढ़ावा देना है।
- थीम: वर्ष 2025 की थीम "परिवार: देखभाल का केंद्र" है।
- यह थीम DMD प्रभावित व्यक्तियों के लिये परिवारों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर देती है।
- यह प्रेम, सहयोग और धैर्य के साथ-साथ समावेशन, जागरूकता एवं सामुदायिक सहयोग को भी रेखांकित करती है।
ड्यूशेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (DMD)
- DMD एक दुर्लभ और प्रगतिशील आनुवंशिक विकार है, जो एक्स गुणसूत्र में उत्परिवर्तन के कारण होता है। इसके चलते मांसपेशियों की रक्षा करने वाले प्रोटीन डिस्ट्रोफिन का उत्पादन नहीं हो पाता।
- इस रोग का नाम डॉ. ड्यूशेन डी बोलोग्ने के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने 1860 के दशक में इसका विस्तार से वर्णन किया था।
- यह मुख्यतः पुरुषों को प्रभावित करता है क्योंकि उनके पास केवल एक X गुणसूत्र होता है।
- लक्षण:
- प्रारंभिक अवस्था में चलने-फिरने में कठिनाई।
- धीरे-धीरे गतिशील क्रियाओं की शक्ति क्षीण होती जाती है।
- समय के साथ श्वसन क्षमता प्रभावित होती है और हृदय (जो स्वयं एक मांसपेशी है) पर भी प्रभाव पड़ता है।
- मस्तिष्क पर प्रभाव: डिस्ट्रोफिन मस्तिष्क की कार्यप्रणाली में भी भूमिका निभाता है, जिसके कारण प्रभावित बच्चों में सीखने और व्यवहार संबंधी चुनौतियाँ उत्पन्न हो सकती हैं।
- निदान: विश्व स्तर पर DMD का निदान प्रायः 4 वर्ष की आयु के बाद होता है। हालाँकि, माता-पिता लक्षण पहले ही पहचान लेते हैं, लेकिन औसतन 2.5 वर्ष की देरी से निदान होता है। कुछ लक्षण अत्यंत छोटे बच्चों में भी दिखाई देने लगते हैं।