वन्यजीव सप्ताह 2025 समारोह | हरियाणा | 04 Oct 2025
चर्चा में क्यों?
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने हरियाणा के मानेसर में नमो वन की आधारशिला रखने के साथ-साथ अरावली प्रजाति नर्सरी का उद्घाटन तथा वन्यजीव सप्ताह 2025 (2-8 अक्तूबर) का शुभारंभ किया।
मुख्य बिंदु
- नमो वन:
- राज्य सरकार ने "नमो वन" विकसित करने के लिये हरियाणा में 75 स्थानों की पहचान की है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिये सक्रिय रूप से वृक्षारोपण अभियान चला रही है।
- नमो वन एक नई पर्यावरण अनुकूल पार्क पहल है जिसे प्रमुख शहरों में शुरू किया गया है, जो हरित स्थलों को बढ़ाने और शहरी स्थिरता को प्रोत्साहित करने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी प्रयास का हिस्सा है।
- अरावली प्रजाति नर्सरी:
- यह नर्सरी स्वदेशी अरावली प्रजातियों के संरक्षण और पुनःरोपण के लिये समर्पित है, साथ ही हरित आवरण का विस्तार, जैवविविधता का संरक्षण तथा वन्यजीव आवासों का निर्माण भी करेगी।
- सहयोगात्मक प्रयास:
- केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोग से ग्रीन अरावली एक्शन प्लान को दक्षिणी हरियाणा में लागू किया गया है। यह पहल चार राज्यों की अरावली पहाड़ियों तक फैली हुई है, जिसमें 29 चिह्नित ज़िलों में से पाँच हरियाणा में शामिल हैं।
- वन्यजीव सप्ताह 2025:
- वर्ष 1952 में संकल्पित, यह सप्ताह प्रतिवर्ष 2 से 8 अक्तूबर तक मनाया जाता है।
- थीम 2025: सेवा पर्व- प्रकृति के प्रति सेवा और उत्तरदायित्व पर ध्यान केंद्रित करना।
- उद्देश्य: वन्यजीव संरक्षण और पारिस्थितिकीय संतुलन के बारे में व्यापक जागरूकता बढ़ाना।
- महत्त्व:
- यह जैवविविधता संरक्षण और पारिस्थितिकीय संतुलन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को सशक्त करता है।
- यह पर्यावरणीय पहलों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करता है।
- यह जलवायु कार्रवाई और स्थिरता के प्रति भारत की वैश्विक प्रतिबद्धताओं के अनुरूप है।
माई भारत मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च | राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स | 04 Oct 2025
चर्चा में क्यों?
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने माई भारत मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया, जो प्रौद्योगिकी के माध्यम से युवाओं के नेतृत्व और नागरिक सहभागिता को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
- उन्होंने कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) को माई भारत पोर्टल से एकीकृत करने की भी घोषणा की, जिससे देशभर में युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की व्यापक पहुँच और गहन प्रसार सुनिश्चित हो सकेगा।
मुख्य बिंदु
- परिचय:
- यह एक ऑनलाइन युवा नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता मंच है, जिसे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्य विभाग (DoYA) के अंतर्गत, डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन (DIC), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा विकसित किया गया है।
- इसका उद्देश्य युवाओं को निर्बाध मोबाइल इंटरफेस के माध्यम से स्वयंसेवा, इंटर्नशिप, मार्गदर्शन और सीखने के अवसर प्रदान करना है।
- यह वर्तमान में हिंदी और अंग्रेज़ी में उपलब्ध है तथा धीरे-धीरे इसमें अन्य भारतीय भाषाओं को भी जोड़ा जाएगा।
- प्रमुख विशेषताएँ:
- सत्यापित अवसर: स्वयंसेवा, इंटर्नशिप, मेंटरशिप और अनुभवात्मक शिक्षा।
- डिजिटल मान्यता: बैज, प्रमाण-पत्र और व्यक्तिगत युवा प्रोफाइल।
- करियर सशक्तीकरण: कौशल निर्माण संसाधन और एआई-सक्षम रिज्यूमे निर्माण।
- युवा अभियान: प्रमुख कार्यक्रमों और नागरिक पहलों में सक्रिय भागीदारी।
- इंटरैक्टिव लर्निंग: विकसित भारत युवा नेता संवाद (VBYLD) 2026 क्विज़ में भागीदारी।
- CSC के साथ एकीकरण: 5 लाख से अधिक ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) के विशाल नेटवर्क का लाभ लेते हुए अब माई भारत पोर्टल दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तारित होगा, जिससे युवाओं का निर्बाध पंजीकरण संभव होगा और VBYLD क्विज़ जैसी पहलों में उनकी भागीदारी संभव होगी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्तूबर, 2023 को लॉन्च किया गया माई भारत प्लेटफॉर्म, 1.81 करोड़ से अधिक युवाओं और 1.20 लाख संगठनों के साथ भारत के सबसे बड़े युवा-केंद्रित पारिस्थितिकी तंत्रों में से एक बन गया है, जो अमृत काल के दौरान युवाओं की सहभागिता, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के लिये एक डिजिटल आधार के रूप में कार्य कर रहा है।