उत्तर प्रदेश ने जापानी कंपनियों के साथ ₹11,000 करोड़ के MoU पर हस्ताक्षर किये | 27 Feb 2026

चर्चा में क्यों?

जापान की अपनी आधिकारिक यात्रा के पहले दिन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ लगभग ₹11,000 करोड़ के समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किये।

मुख्य बिंदु: 

  • कुल निवेश: प्रारंभिक निवेश प्रतिबद्धताएँ लगभग ₹11,000 करोड़ तक पहुँची हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य औद्योगिक विकास को गति देना है।
  • प्रमुख निवेशक: इन समझौतों में शामिल प्रमुख कंपनियों में कुबोटा कॉर्पोरेशन, मिंडा कॉर्पोरेशन, जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री (JAE) सहित अन्य कंपनियाँ शामिल हैं। 
  • लक्षित क्षेत्र: निवेश ऑटोमोबाइल, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स, कृषि उपकरण, अवसंरचना तथा रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में किये जाएंगे।
  • विनिर्माण और मूल्य शृंखलाओं को बढ़ावा: इन समझौतों से जापानी प्रौद्योगिकी, पूंजी एवं विशेषज्ञता उत्तर प्रदेश के विनिर्माण पारितंत्र में आएगी, जिससे औद्योगिक सहयोग तथा मूल्य शृंखलाएँ और अधिक सुदृढ़ होंगी।
  • प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और नवाचार: जापानी कंपनियाँ उच्च-सटीक विनिर्माण और दक्षता पर विशेष बल देती हैं।
    • ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत सामग्री जैसे क्षेत्रों में साझेदारियाँ भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्द्धात्मकता तथा तकनीकी आधार को मज़बूत करने में सहायक होंगी।
  • रोज़गार सृजन और स्थानीय विकास: इन निवेशों से रोज़गार के अवसर बढ़ने, कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलने तथा उत्तर प्रदेश में स्थानीय आपूर्ति शृंखलाओं को समर्थन मिलने की संभावना है।
  • भारत–जापान आर्थिक संबंधों को मज़बूती: ये MoU भारत–जापान द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा हैं, जिनमें विनिर्माण, अवसंरचना, प्रौद्योगिकी और पर्यावरणीय समाधानों में सहयोग शामिल है।

और पढ़ें: भारत-जापान संबंध