सिंगापुर दौरे में उत्तर प्रदेश को ₹1 लाख करोड़ का निवेश मिला | 26 Feb 2026
चर्चा में क्यों?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर की अपनी आधिकारिक यात्रा का समापन किया, जिसके दौरान उत्तर प्रदेश को लगभग ₹1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनमें से लगभग ₹60,000 करोड़ मूल्य के समझौता ज्ञापन (MoUs) शामिल हैं।
मुख्य बिंदु:
- निवेश प्रतिबद्धताएँ: राज्य को लगभग ₹1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।
- इनमें से ₹60,000 करोड़ मूल्य के समझौता ज्ञापन (MoUs) राज्य की नोडल निवेश प्रोत्साहन एवं सुविधा एजेंसी इन्वेस्ट UP के माध्यम से औपचारिक रूप से संपन्न किये गए।
- क्षेत्रीय विविधीकरण: अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, शहरी विकास, फिनटेक, डेटा सेंटर, नवीकरणीय ऊर्जा तथा उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश अपेक्षित है।
- रणनीतिक फोकस क्षेत्र: नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास एकीकृत आर्थिक पारितंत्र के विकास पर विशेष बल दिया गया, जिसमें MRO हब और लॉजिस्टिक्स पार्क शामिल हैं।
- दीर्घकालिक पूंजी साझेदारियों की संभावनाओं के लिये संप्रभु संपत्ति कोषों, प्राइवेट इक्विटी फर्मों और संस्थागत निवेशकों के साथ संवाद किया गया।
- शहरी नियोजन: स्मार्ट सिटी योजना, सतत शहरी परिवहन तथा औद्योगिक टाउनशिप मॉडल में सिंगापुर की विशेषज्ञता अपनाने पर चर्चा हुई।
- ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस: मुख्यमंत्री ने एकल-खिड़की स्वीकृति प्रणाली में सुधार, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और सुव्यवस्थित नियामकीय तंत्र को रेखांकित किया।
- प्रस्तावित निवेशों से विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोज़गार सृजन की उम्मीद है।
- विज़न: यह पहल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित कर औद्योगिक विकास को सुदृढ़ करते हुए उत्तर प्रदेश को $1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के रूप में उभारने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
|
और पढ़ें: नवीकरणीय ऊर्जा, MRO हब, ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश |