सुजलाम भारत ऐप | 11 Dec 2025
चर्चा में क्यों?
जल शक्ति मंत्रालय ने सुझलाम भारत ऐप लॉन्च किया है, जो जल जीवन मिशन (JJM) के अंतर्गत एक प्रमुख डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण पेयजल आपूर्ति प्रणाली का कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
मुख्य बिंदु
- परिचय: सुजल गाँव ID (डिजिटल पहचान) प्रत्येक बस्ती के लिये एक स्पष्ट डिजिटल प्रोफाइल प्रदान करेगी, जिसमें उसके पेयजल स्रोत, बुनियादी ढाँचे की स्थिति, आपूर्ति की विश्वसनीयता, जल की गुणवत्ता और संचालन एवं रखरखाव व्यवस्थाओं का विवरण होगा।
- उद्देश्य: यह मंच ग्राम पंचायतों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों (VWSCs) और सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन में पारदर्शिता बढ़ाएगा, साथ ही सामुदायिक भागीदारी तथा निगरानी को प्रोत्साहित करेगा।
- विकास: इसे भास्करचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (BISAG-N) के सहयोग से विकसित किया गया है।
- एकीकरण: जल नेटवर्क, परिसंपत्ति सूची, जल गुणवत्ता डेटा और सामुदायिक प्रतिक्रिया के सटीक भू-स्थानिक मानचित्रण के लिये इसे PM गति शक्ति GIS के साथ एकीकृत किया गया है।
- महत्त्व : इस ऐप को "ग्रामीण जल प्रणालियों के लिये आधार" के रूप में परिकल्पित किया गया है। यह ग्रामीण जल वितरण प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने में आधार का काम करेगा।