प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान में भारत का पहला राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान शुरू किया | 03 Mar 2026

चर्चा में क्यों?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान से एक राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य पूरे भारत में किशोरियों का टीकाकरण करके सर्वाइकल कैंसर को रोकना है।

मुख्य बिंदु:

  • उद्देश्य: इस अभियान को औपचारिक रूप से पात्र लड़कियों को HPV टीके लगाकर गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से सुरक्षा प्रदान करने के लिये शुरू किया गया है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी एक प्रमुख चिंता है।
    • यह कार्यक्रम सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 14 वर्षीय लड़कियों पर केंद्रित है।
  • टीके का विवरण: इस अभियान के तहत गार्डासिल-4 (Gardasil-4) वैक्सीन की एक एकल खुराक दी जाएगी। यह वैक्सीन HPV-16 और HPV-18 (सर्वाइकल कैंसर के मुख्य कारण) सहित कई HPV प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करती है।
  • कार्यान्वयन: टीकाकरण सत्र निर्दिष्ट राष्ट्रीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किये जाएंगे, जिनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ज़िला अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।
    • यह टीकाकरण स्वैच्छिक है और टीका लगाने से पहले माता-पिता या अभिभावक की सहमति अनिवार्य है।
  • कवरेज: इस पहल के तहत हर साल 14 आयु वर्ग की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों को शामिल करने की योजना है, जिससे HPV से संबंधित कैंसर के खिलाफ दीर्घकालिक निवारक स्वास्थ्य देखभाल मज़बूत होगी।
  • प्रभाव: सर्वाइकल कैंसर भारत में एक महत्त्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है । इस HPV टीकाकरण अभियान का लक्ष्य समय के साथ कैंसर के मामलों को कम करना है।
  • महत्त्व: यह राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह किशोरियों के लिये टीकाकरण कवरेज का विस्तार करता है और कैंसर की रोकथाम को राष्ट्रीय निवारक स्वास्थ्य देखभाल एजेंडे में एकीकृत करता है।
और पढ़ें: HPV वैक्सीनेशन, सर्वाइकल कैंसर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र