कानपुर में की जाएगी भारत-फ्राँस राष्ट्रीय विमानन उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना | 20 Feb 2026

चर्चा में क्यों?

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (NSTI) में एरोनॉटिक्स और रक्षा क्षेत्र में कौशल विकास के लिये एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (NCoE) की स्थापना की घोषणा की।

मुख्य बिंदु:

  • राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (NCoE): यह केंद्र एरोनॉटिक्स, मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO), एयरपोर्ट ऑपरेशंस, रक्षा उत्पादन और संबंधित क्षेत्रों में उन्नत कौशल प्रशिक्षण पर केंद्रित होगा, जिसका उद्देश्य भारत के एयरोस्पेस तथा रक्षा क्षेत्रों के लिये मज़बूत प्रतिभा पाइपलाइन तैयार करना है।
  • सहयोग: यह पहल भारत सरकार और फ्राँस गणराज्य सरकार के बीच सहयोगात्मक प्रयास है।
    • इस सहयोग में सह-डिज़ाइन किये गए पाठ्यक्रम, प्रशिक्षकों के लिये संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम, समय-समय पर संयुक्त समीक्षा, विनिमय पहल, भाषा प्रशिक्षण और वैश्विक मानकों के अनुरूप संरचित मोबिलिटी मार्ग विकसित करना शामिल है।
    • यह विशेष रूप से उभरते उच्च-तकनीकी क्षेत्रों में कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण में द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करता है।
  • PM-SETU योजना: NCoE को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) की PM-SETU योजना के तहत स्थापित किया जा रहा है।
    • ₹60,000 करोड़ की कुल आवंटन राशि के साथ PM-SETU योजना का उद्देश्य 1000 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को उद्योग-अनुरूप पाठ्यक्रम एवं अवसंरचना के साथ सुधार और उन्नयन करना है।
  • रणनीतिक साझेदारी: MSDE और फ्राँस सरकार के बीच केंद्र की स्थापना तथा संचालन पर सहयोग के लिये आशय पत्र (LoI) का आदान-प्रदान किया गया है।
  • महत्त्व: यह पहल भारत-फ्राँस रणनीतिक सहयोग को मज़बूत करती है और साथ ही भारत के बढ़ते हुए एयरोस्पेस तथा रक्षा क्षेत्रों के लिये कौशल संपन्न कार्यबल तैयार करती है।

और पढ़ें: भारत-फ्राँस संबंध, उत्कृष्टता केंद्र, PM-SETU