बिहार सरकार खोलेगी 213 ब्लॉकों में डिग्री कॉलेज | 06 Feb 2026

चर्चा में क्यों?

बिहार सरकार ने राज्य के 213 ब्लॉकों में डिग्री कॉलेज खोलने की एक प्रमुख पहल की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में उच्च शिक्षा तक पहुँच में सुधार करना है।

मुख्य बिंदु:

  • असमानता का समाधान: बिहार के 534 ब्लॉकों में से 213 में वर्तमान में डिग्री कॉलेज की सुविधा नहीं है। उच्च शिक्षा तक समान पहुँच सुनिश्चित करने के लिये विस्तार के पहले चरण में इस अंतर को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
  • कार्यक्रम ढाँचा: यह पहल ‘सात निश्चय–3’ के अंतर्गत ‘उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य (Unnat Shiksha – Ujjwal Bhavishya)’ थीम पर आधारित है।
    • इस पहल की घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की।
  • फोकस: इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और ग्रामीण छात्रों के लिये उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ बनाना है, जिन्हें प्राय: कॉलेज तक लंबी दूरी तय करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
    • यह शिक्षा में लैंगिक समानता को बढ़ावा देगा और व्यापक सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान करेगा।
  • उत्कृष्टता केंद्र: नए कॉलेजों के साथ-साथ सरकार 55 मौजूदा प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों को ‘उत्कृष्टता केंद्र’ के रूप में विकसित करेगी, ताकि गुणवत्तापूर्ण और रोज़गारोन्मुख उच्च शिक्षा प्रदान की जा सके।
  • मानव पूंजी: उच्च शिक्षा अवसंरचना का विस्तार कर बिहार का लक्ष्य एक कुशल कार्यबल तैयार करना है, जो रोज़गार के अवसरों और आर्थिक विकास को गति दे सके।

और पढ़ें: लैंगिक समानता, उत्कृष्टता केंद्र