प्रीलिम्स फैक्ट्स : 28 जनवरी, 2019

‘ट्रेन 18’ अब ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’


हाल ही में ट्रेन 18 का नाम बदलकर ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ करने की घोषणा की गई है।

  • सुरक्षा मानकों के साथ-साथ अन्य परीक्षणों को पास कर लेने के बाद देश में निर्मित सेमी-हाईस्पीड ट्रेन 18 यात्रियों की सेवा के लिये अब तैयार है।

vande-bharat-express

  • ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ या ट्रेन 18 नई दिल्ली और वाराणसी के बीच 755 किलोमीटर की दूरी महज़ आठ घंटे में तय करेगी। नई दिल्ली से चलकर यह ट्रेन कानपुर और प्रयागराज में रुकने के बाद वाराणसी पहुँचेगी।
  • यह दिल्ली-वाराणसी मार्ग पर चलने वाली सबसे तेज़ ट्रेन होगी। अभी तक सबसे तेज़ ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच की दूरी 11 घंटे 30 मिनट में तय करती है।

भारत पर्व

  • पर्यटन मंत्रालय कुछ अन्य केंद्रीय मंत्रालयों के सहयोग से 26 से 31 जनवरी, 2019 तक लाल किले में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना दर्शाने वाले पाँच दिवसीय ‘भारत पर्व’ का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन गणतंत्र दिवस समारोह का ही हिस्सा है।
  • कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करना, देश के विविधता पूर्ण सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना और जन-भागीदारी बढ़ाना है।
  • एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संबंध में प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के मद्देनज़र भारत पर्व का आयोजन 2016 से गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में किया जा रहा है।
  • इसका आयोजन पर्यटन मंत्रालय करता है। इस बार आयोजन के दौरान गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल झाँकियों की प्रदर्शनी, सशस्त्र बलों के बैंड का प्रदर्शन, पाक कला, फूड कोर्ट और डीएवीपी द्वारा फोटो प्रदर्शनी पेश की जाएगी।
  • भारत पर्व कार्यक्रम के आयोजन के लिये पर्यटन मंत्रालय नोडल मंत्रालय के रूप में कार्य कर रहा है।

हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर, 2018- नारी शक्ति

हाल ही में ऑक्सफ़ोर्ड डिक्शनरीज़ ने वर्ष 2018 का ‘हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर’ के रूप में ‘नारी शक्ति’ को चुना है।

  • ऑक्सफ़ोर्ड डिक्शनरीज़ का इस वर्ष का हिंदी शब्द, एक ऐसा शब्द या अभिव्यक्ति है, जो बीते हुए वर्ष की प्रकृति, मिजाज़, माहौल और मानसिकता को व्यक्त कर सकता है।
  • विभिन्न क्षेत्रों में नारी की बढ़ती सक्रियता ही नारी शक्ति है। यह शब्द संस्कृत से जन्मा है। नारी का अर्थ है 'महिला' और 'शक्ति' उसकी असीम ऊर्जा को व्यक्त करता है।
  • ऑक्सफोर्ड ने 2017 में ‘आधार’ शब्द चुना था। आक्सफोर्ड ने यह पहल 2017 से शुरू की थी।

nari shakti

  • वर्ष 2018 के दौरान महिलाओं को लेकर कई कानूनों में बदलाव और सुधार किये गए इसके साथ ही #मीटू जैसे आंदोलन भी चर्चा में रहे।
  • देश भर में इस दौरान महिला सशक्तीकरण और महिला अधिकार पर काफी बहस हुई। यही वज़ह है कि इस शब्द पर ज़ोर दिया गया। नारी शक्ति शब्द पर मार्च 2018 में सबसे ज्यादा ज़ोर दिया गया था।