रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स (RNI) | 14 Jan 2026

स्रोत: पीआईबी 

वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल फाउंडेशन (WIF) (एक वैश्विक, गैर-पक्षपाती एवं सेक्टर-निरपेक्ष थिंक टैंक) रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स (RNI) लॉन्च करेगा। यह उत्तरदायी शासन, सततता और वैश्विक उत्तरदायित्व के आधार पर विविध देशों का मूल्यांकन करने वाला भारत का पहला विश्व स्तरीय सूचकांक है।

  • रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स (RNI): यह विविध देशों का आकलन पारंपरिक शक्ति या GDP-केंद्रित मानकों के बजाय उत्तरदायी शासन के आधार पर करता है।
    • यह सूचकांक वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल फाउंडेशन (WIF) द्वारा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), IIM मुंबई तथा डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के सहयोग से विकसित किया गया है।
    • यह सूचकांक पारदर्शी और वैश्विक स्रोतों से प्राप्त डेटा के आधार पर 154 देशों को कवर करता है, ताकि विश्वसनीयता और तुलनीयता सुनिश्चित की जा सके।
  • RNI के तीन प्रमुख आयाम: यह सूचकांक तीन मूल आयामों पर आधारित है–
    • आंतरिक उत्तरदायित्व: गरिमा, न्याय और नागरिक कल्याण का आकलन करता है।
    • पर्यावरणीय उत्तरदायित्व: प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जलवायु कार्रवाई का मूल्यांकन करता है।
    • बाह्य उत्तरदायित्व: शांति, बहुपक्षीय सहयोग और वैश्विक स्थिरता में किसी देश के योगदान को मापता है।
  • महत्त्व: यह वैश्विक आकलन को आर्थिक एवं सैन्य शक्ति के पारंपरिक मानकों से पृथक् कर नैतिक शासन, सामाजिक कल्याण, पर्यावरणीय संरक्षण और अंतर्राष्ट्रीय उत्तरदायित्व पर केंद्रित करता है।
    • यह मूल्य-आधारित और मानव-केंद्रित ढाँचे को बढ़ावा देता है, जो नैतिक नेतृत्व, सतत विकास और वैश्विक शासन में सुधार संबंधी भारत की दृष्टि के अनुरूप है।

और पढ़ें:  वैश्विक शासन में देशों का नैतिक अधिकार