Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 31 अगस्त, 2023 | 31 Aug 2023

अमेरिका और पलाउ के बीच समुद्री प्रबंधन पर समझौता

  • हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका तथा पश्चिमी प्रशांत महासागर के देश पलाउ गणराज्य ने समुद्री प्रबंधन को बढ़ाने के लिये एक विस्तारित द्विपक्षीय कानून प्रवर्तन समझौते पर हस्ताक्षर किये।
  • यह समझौता अमेरिकी तटरक्षक को पलाउ अधिकारी की उपस्थिति के बिना भी पलाउ की ओर से उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में समुद्र में नियमों को लागू करने का अधिकार देता है।
  • इस समझौते से समुद्री कार्यक्षेत्र पर जागरूकता बढ़ाने एवं पलाउ के EEZ के भीतर अवैध, असूचित और अनियमित (IUU) मछली पकड़ने को रोकने में मदद मिलेगी।

और पढ़ें: अवैध, गैर-सूचित और अविनियमित (IUU) मत्स्यन में वृद्धि,b

महेन्द्रगिरि

  • आखिरी प्रोजेक्ट 17A फ्रिगेट महेंद्रगिरि को 1 सितंबर, 2023 को लॉन्च किया जाएगा।
  • इस जहाज़ का नाम ओडिशा राज्य में स्थित पूर्वी घाट की एक पर्वत चोटी के नाम पर रखा गया है।
    • प्रोजेक्ट 17A फ्रिगेट्स प्रोजेक्ट 17 क्लास फ्रिगेट्स (शिवालिक क्लास) के फॉलो-ऑन हैं, जिनमें बेहतर स्टील्थ फीचर्स, उन्नत हथियार और सेंसर तथा प्लेटफॉर्म प्रबंधन सिस्टम हैं।
  • महेंद्रगिरि तकनीकी रूप से एक उन्नत युद्धपोत है और यह अपनी समृद्ध नौसैनिक विरासत को अपनाने के भारत के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।
  • प्रोजेक्ट 17A जहाज़ों को भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिज़ाइन ब्यूरो द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है।

और पढ़ें… प्रोजेक्ट 17A और INS तारागिरि

अर्नेस्ट रदरफोर्ड का योगदान 

अर्नेस्ट रदरफोर्ड ने वर्ष 1908 में रसायन विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार जीता। उन्होंने परिकल्पना की कि हीलियम गैस रेडियोधर्मी पदार्थों से बनाई जा सकती है।

  • उन्होंने पाया कि यूरेनियम से कम-से-कम दो प्रकार के विकिरण- अल्फा (α) और बीटा (β) कण उत्सर्जित होते हैं।
  • उनका सबसे प्रसिद्ध परीक्षण सोने की बहुत पतली झिल्ली (Gold foil) का प्रयोग है।
    • अल्फा कणों की एक किरण का लक्ष्य सोने की बहुत पतली झिल्ली का एक टुकड़ा था। अधिकांश अल्फा कण झिल्ली से होकर गुज़र गए लेकिन कुछ पीछे की ओर बिखर गए।
    • इससे पता चला कि अधिकांश परमाणु एक छोटे नाभिक (धनात्मक रूप से आवेशित और ऋणात्मक आवेशित इलेक्ट्रॉनों द्वारा काफी दूरी पर घिरा हुआ) के आसपास का खाली स्थान है।