Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 30 दिसंबर, 2022 | 30 Dec 2022

डॉ. विक्रम साराभाई 

प्रतिवर्ष 30 दिसंबर को डॉ. विक्रम साराभाई की पुण्यतिथि मनाई जाती है। इन्हें भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम का जनक माना जाता है। इन्होंने भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊँचाईयों पर पहुँचाया। नवंबर 1947 में उन्होंने अहमदाबाद में भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (Physical Research Laboratory- PRL) की स्थापना की। रूस के स्पुतनिक के लॉन्च होने के बाद वे भारत की आवश्यकता को देखते हुए एक विकासशील देश भारत में अपना खुद का अंतरिक्ष कार्यक्रम शुरु  करने में सफल रहे। इन्होंने वर्ष 1962 में भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुसंधान समिति (Indian National Committee for Space Research) की स्थापना की, जिसे बाद में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (Indian Space Research Organization- ISRO) नाम दिया गया। ISRO और PRL के अतिरिक्त उन्होंने कई संस्थानों जैसे- अहमदाबाद में भारतीय प्रबंधन संस्थान, सामुदायिक विज्ञान केंद्र तथा अपनी पत्नी मृणालिनी के साथ प्रदर्शन कला के लिये डारपॉन अकादमी की स्थापना की। उन्हें वर्ष 1966 में पद्मभूषण प्राप्त हुआ और वर्ष 1972 में मरणोपरांत पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया। इन्होंने भारत के पहले उपग्रह आर्यभट्ट पर काम किया था, लेकिन वर्ष 1975 में इस उपग्रह के लॉन्च होने से पूर्व ही इनकी मृत्यु (30 दिसंबर, 1971 को) हो गई।

फुटबॉल खिलाड़ी पेले 

फुटबाल विश्वकप तीन बार जीतने का रिकॉर्ड बनाने वाले ब्राज़ील के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी पेले का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शामिल पेले ने 21 वर्ष के कॅरियर में 1,363 मैचों में 1,281 गोल करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है, जिसमें ब्राज़ील के लिये 92 मैचों में किये 77 गोल शामिल हैं। वर्ष 1958, 1962 और 1970 में तीन बार फीफा विश्व कप जीतने वाले, पेले को वर्ष 2000 में फीफा के प्लेयर ऑफ द सेंचुरी खिताब से नवाज़ा गया था। पेले का वास्तविक नाम एडसन एरंटेस डो नासिमेंटो था। पेले को 'ब्लैक पर्ल', 'किंग ऑफ फुटबॉल', 'किंग पेले' जैसे कई दूसरे नामों से भी जाना जाता था। पेले का जन्म 23 अक्तूबर, 1940 को ब्राज़ील के मिनास गेराइस में हुआ। 16 वर्ष की उम्र में ही पेले ब्राज़ील लीग में टॉप स्कोरर बन गए थे। ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने पेले को राष्ट्रीय धरोहर घोषित कर दिया था ताकि मैनचेस्टर यूनाइटेड जैसे विदेशी क्लब के लिये वह हस्ताक्षर ना कर पाएँ। पेले का पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच 7 जुलाई, 1957 को माराकाना में अर्जेंटीना के खिलाफ था, जहाँ ब्राज़ील को 1-2 गोल से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में उन्होंने 16 वर्ष की उम्र में ब्राज़ील के लिये अपना पहला गोल किया। इसके साथ ही वह अपने देश के लिये सबसे कम उम्र के गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। पेले के 1000वें गोल की याद में सैंटोस शहर में 19 नवंबर को 'पेले डे' मनाया जाता है। पेले वर्ष 1995 से 1998 तक ब्राज़ील के खेल मंत्री भी रह चुके हैं। पेले को वर्ष 1999 में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी ने सदी का बेस्ट एथलीट चुना था।

रयथू  बंधु योजना

तेलंगाना सरकार ने किसानों की आर्थिक सहायता के लिये रयथू  बंधु योजना के दसवें चरण की शुरुआत की है। इस चरण में 70 लाख 54 हज़ार से अधिक किसानों के बैंक खातों में सात हज़ार 676 करोड़ रुपए जमा कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य किसानों को रबी फसल के लिये आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस चरण के पहले दिन एक एकड़ तक ज़मीन वाले 21 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 607 करोड़  से अधिक की राशि जमा की गई है। यह सहायता प्रति एकड़ 5000 रुपए की दर से दी जा रही है। एक एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को यह सहायता धनराशि आगामी तिथियों को उनके खाते में संप्रेषित कर दी जाएगी। चालू मौसम में, सहायता के तौर पर एक करोड़ 53 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। रयथू बंधु योजना के माध्यम से, तेलंगाना सरकार किसानों को खरीफ और रबी-दोनों मौसमों के लिये दस हज़ार रुपए प्रति एकड़ की दर से आर्थिक सहायता दे रही है।

चिल्लाई कलां  

 वर्तमान में कश्मीर घाटी 40 दिनों की सबसे कठिन सर्दियों की अवधि से गुज़र रही है, जिसे 'चिल्लाई कलां' (ठंड के लिये फारसी शब्द) के रूप में जाना जाता है। कश्मीर का न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु (-5.7 डिग्री सेल्सियस से -2.5 डिग्री सेल्सियस) से नीचे है और लगातार शीत लहर के कारण पानी की आपूर्ति के साथ-साथ डल झील भी जम गई है। आमतौर पर ‘चिल्लाई कलां' 21 दिसंबर से 30 जनवरी की अवधि होती है। चिल्लाई कलां के बाद 20 दिन की लंबी चिल्लाई खुर्द (छोटी सर्दी) होती है और इसके बाद 10 दिनों तक चलने वाली चिल्लाई बच्चा (बेबी कोल्ड) अवधि होती है।

और पढ़ें -चिल्लाई कलां

इज़रायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू 

हाल ही में बेंजामिन नेतन्याहू को पुनः इज़रायल के प्रधानमंत्री (यायर लैपिड की जगह) के रूप में शपथ दिलाई गई। इज़रायल देश वर्तमान में यरूशलम और वेस्ट बैंक से संबंधित मुद्दों पर फिलिस्तीन के साथ संघर्षरत है। वर्ष 2020 में इज़रायल, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात के बीच अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर किये गए थे, जिसकी मध्यस्थता संयुक्त राज्य अमेरिका ने अरब देशों को फिलिस्तीन के मुद्दे से अलग करने के लिये की थी। वर्ष 2022 की शुरुआत में भारत और इज़रायल ने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 30वीं वर्षगाँठ मनाई। भारत, एशिया में इज़रायल का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार (विश्व स्तर पर 7वाँ सबसे बड़ा) और इज़रायल से सैन्य उपकरणों का सबसे बड़ा खरीदार है।

और पढ़ें..

धनु जात्रा 

हाल ही में दुनिया का सबसे बड़ा ओपन-एयर थिएटर माना जाने वाला धनु जात्रा उत्सव शुरू हुआ। यह देश की आज़ादी के उत्सव के हिस्से के रूप में वर्ष 1947-48 में बारगढ़ (ओडिशा) में अस्तित्व में आया तब से इसे प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। यह यात्रा 'भागवत पुराण' में वर्णित कंस द्वारा आयोजित 'धनुष'  समारोह को देखने के लिये भगवान कृष्ण की मथुरा (UP) यात्रा के प्रकरण से संबंधित है। यह उत्सव पौष पूर्णिमा (प्रत्येक वर्ष दिसंबर-जनवरी में पड़ता है) से पहले 7 से 11 दिनों तक मनाया जाता है। ऐसा ही एक त्योहार ‘जगन्नाथ रथ यात्रा’ (जिसे रथ महोत्सव भी कहा जाता है) ओडिशा में भी आयोजित किया जाता है।