Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 22 अगस्त, 2023 | 22 Aug 2023

नमोह 108 लोटस वैरायटी

  • हाल ही में केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ने वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (CSIR-NBRI), लखनऊ द्वारा विकसित नवीन 'नमोह 108' लोटस वैरायटी का अनावरण किया।
  • कई साल पहले मणिपुर में खोजे जाने के बाद कमल की इस वैरायटी में 108 पंखुड़ियाँ होती हैं, जिसके कारण इसका नाम ‘NBRI नमोह 108' पड़ा, यह नाम इसकी पंखुड़ियों की संख्या और इसके धार्मिक महत्त्व को देखते हुए दिया गया है।
    • यह वैरायटी मार्च से दिसंबर तक खिलती है और पोषक तत्त्वों से भरपूर है।
  • फूल के जीनोम को अनुक्रमित किया गया, जिससे यह अनुक्रमित जीनोम वाली एकमात्र भारतीय कमल की किस्म बन गई।
  • मणिपुर से बाहर भी इसकी खेती को सुविधाजनक बनाने के लिये फूल की विशेषताओं को संशोधित किया गया।

शतरंज विश्व कप 2023

  • ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रगनानंद ने बाकू, अज़रबैजान में विश्व कप 2023 शतरंज टूर्नामेंट के टाई-ब्रेकर राउंड में विश्व के नंबर 3 खिलाड़ी फैबियानो कारूआना को हराकर जीत हासिल की।
    • शतरंज विश्व कप 2023 का आयोजन विश्व में शतरंज की नियामक संस्था अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ (International Chess Federation- FIDE) द्वारा किया जाता है।
      • इसका गठन एक गैर-सरकारी संस्था के रूप में किया गया है।
    • FIDE का मुख्यालय वर्तमान में लुसाने (स्विट्ज़रलैंड) में है, लेकिन शुरुआत में इसकी स्थापना वर्ष 1924 में पेरिस में आदर्श वाक्य "जेन्स ऊना सुमस (Gens Una Sumus)" (लैटिन में "वी आर वन फैमिली") के तहत की गई थी।
  • सबसे कम उम्र के भारतीय ग्रैंडमास्टर और सबसे कम उम्र के अंतर्राष्ट्रीय मास्टर, प्रगनानंद, शतरंज की दुनिया में सबसे होनहार प्रतिभाओं में से एक हैं।
    • उन्होंने वर्ष 2019 में विश्व युवा शतरंज चैंपियनशिप [World Youth Chess Championship (under-18)] जीता और वर्ष 2021 में एशियाई कॉन्टिनेंटल शतरंज चैंपियनशिप [Asian Continental Chess Championship (open)] में जीत हासिल की।

और पढ़ें… भारत में शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता

इक्वाडोर ने अमेज़न में तेल खनन का किया विरोध 

इक्वाडोर के लोगों ने उल्लेखनीय जैवविविधता वाले संरक्षित अमेज़न क्षेत्र में तेल के खनन कार्य के प्रति विरोध जताया है।

  • 90% से अधिक मतों से वैश्विक जैवविविधता हॉटस्पॉट, प्रसिद्ध यासुनी नेशनल पार्क के भीतर स्थित क्षेत्र में तेल के खनन हेतु अन्वेषण कार्य को खारिज कर दिया है।
  • यह क्षेत्र सबसे अलग टागेरी और टैरोमेनानी जनजातियों का निवास स्थान है, इसके महत्त्व को देखते हुए वर्ष 1989 में इसे यूनेस्को विश्व बायोस्फीयर रिज़र्व के रूप में नामित किया गया था।

छात्र-नेतृत्व वाली जल संसद पहल से जल संरक्षण को बढ़ावा 

केवल एक वर्ष में राजस्थान के जोधपुर ज़िले के श्याम सदन स्कूल ने जल प्रथाओं में परिवर्तनकारी बदलाव देखा है।

  • स्कूल की "जल संसद" (वाटर पार्लियामेंट) की स्थापना वर्ष 2022 के मध्य में की गई थी, जिसमें छात्रों को जल संरक्षण गतिविधियों की एक शृंखला में शामिल किया गया था। छात्र पानी के उपयोग पर नज़र रखने, जागरूकता अभियान आयोजित करने और डिजिटल रिकॉर्ड बनाए रखने के लिये ऑडिट करते हैं।
  • वर्षा जल संचयन से स्कूल के पोषण उद्यान की सिंचाई होती है, जो जल-बचत प्रथाओं के अभिनव एकीकरण को प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें…कैच द रेन: राष्ट्रीय जल मिशन