Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 15 दिसंबर, 2023 | 15 Dec 2023

भारत और एशियाई विकास बैंक के बीच उत्तराखंड विद्युत परियोजना के लिये समझौता 

भारत सरकार और एशियाई विकास बैंक (ADB) के बीच 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर करना उत्तराखंड के विद्युत नेटवर्क के बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। 

  • गुणवत्ता, दक्षता तथा विश्वसनीयता बढ़ाने के उद्देश्य से यह परियोजना बढ़ती विद्युत मांगों को पूरा करने एवं नवीकरणीय ऊर्जा के सुचारु एकीकरण को सुनिश्चित करने के लिये सबस्टेशनों व विद्युत लाइनों के साथ-साथ 537 किमी. तक विस्तृत एक आधुनिक भूमिगत केबल प्रणाली प्रस्तुत करेगी।
  • ADB एक क्षेत्रीय विकास बैंक है जिसकी स्थापना वर्ष 1966 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सामाजिक तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी।
    • इसमें 68 सदस्य देश शामिल हैं जिनमें से 49 एशिया-प्रशांत क्षेत्र के हैं एवं 19 सदस्य बाहर से हैं। भारत इसका एक संस्थापक सदस्य है, एशियाई विकास बैंक का मुख्यालय मनीला, फिलीपींस में स्थित है।

और पढ़ें…एशियाई विकास बैंक

जामुन के औषधीय गुण

IISER भोपाल के शोधकर्त्ताओं द्वारा जामुन के वृक्ष (साइज़ियम क्यूमिनी) के अभूतपूर्व जीनोम अनुक्रम से इस प्रजाति के भीतर निहित औषधीय गुणों का पता चला है। जामुन का वृक्ष एक सदाबहार वृक्ष है जो भारत में अपने औषधीय गुणों, फलों तथा आर्थिक मूल्य के लिये लोकप्रिय है।

  • जामुन का आनुवंशिक कूट इसके एंटीऑक्सीडेंट, प्रतिशोथ प्रतिक्रिया तथा मधुमेह-रोधी गुणों के लिये सहायक जैवसक्रिय यौगिकों की एक समृद्ध शृंखला को उजागर करता है।
    • इस अध्ययन में टेरपेनोइड्स तथा ग्लूकोसाइड्स से जुड़े जीन की उपस्थिति पर भी प्रकाश डाला गया है, जो क्रमशः इसके प्रतिरक्षा तंत्र तथा मधुमेह-रोधी क्षमताओं में प्रमुख योगदानकर्त्ता हैं।
  • जीनोम अनुक्रमण किसी जीव में DNA निर्माण ब्लॉकों के सटीक क्रम को निर्धारित करने, उसके संपूर्ण आनुवंशिक रूपरेखा का अनावरण करने की प्रक्रिया है।

और पढ़ें…भारत में जीनोम अनुक्रमण

जम्मू-कश्मीर और पुदुचेरी में महिला कोटा के लिये विधेयक

हाल ही में लोकसभा ने संविधान के 106वें संशोधन अधिनियम, 2023 के प्रावधानों का विस्तार करने के लिये दो विधेयक पारित किये, जो संसद एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिये 33% आरक्षण को केंद्र शासित प्रदेशों पुडुचेरी तथा जम्मू और कश्मीर तक प्रदान करता है।

  • गृह मंत्रालय ने लोकसभा में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2023 और केंद्र शासित प्रदेश सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 पेश किया।
  • दोनों विधेयक पुदुचेरी और जम्मू-कश्मीर की विधान सभाओं में कानून बनाने की प्रक्रियाओं में जन प्रतिनिधियों के रूप में महिलाओं के अधिक प्रतिनिधित्व एवं भागीदारी को सक्षम बनाने का प्रयास करते हैं।

और पढ़ें: महिला आरक्षण अधिनियम, 2023 - राजनीति में महिलाएँ

INS तारमुगली

भारतीय नौसेना ने हाल ही में समुद्री कूटनीति और ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक फास्ट अटैक क्राफ्ट (FAC) INS तारमुगली को चालू किया है।

  • इस जहाज को भारतीय नौसेना में INS टिलंचांग (INS Tillanchang), एक ट्रिंकट क्लास जहाज़ के रूप में शामिल किया गया था, वर्ष 2006 तक सक्रिय सेवा में था, और उसके बाद वर्ष 2006 में हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में राजनयिक आउटरीच के हिस्से के रूप में भारत की मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल (MNDF) को उपहार में दे दिया गया।
  • जहाज़ को मई 2023 में भारतीय नौसेना को वापस कर दिया गया था, युद्धपोत MTU इंजन, नवीनतम संचार उपकरण और एक उन्नत रडार प्रणाली से सुसज्जित है तथा इसका उपयोग भारत के पूर्वी तट पर तटीय निगरानी एवं सुरक्षा के लिये बड़े पैमाने पर किया जाएगा।
  • जहाज़ का नाम अंडमान समूह के एक छोटे से द्वीप तारमुगली द्वीप (Tarmugli Island) के नाम पर रखा गया है।