Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 13 मई, 2023 | 13 May 2023

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2023 

प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली के प्रगति मैदान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2023 के अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के साथ ही 11 से 14 मई, 2023 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के 25वें वर्ष के समारोह भी प्रारंभ हुए। इस गौरवपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश में 5,800 करोड़ रुपए से अधिक की वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रगति से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी और इन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई उनमें लेज़र इंटरफेरोमीटर ग्रेविटेशनल वेव ऑब्ज़र्वेटरी- इंडिया (लिगो-इंडिया), हिंगोली; होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, जटनी, ओडिशा; टाटा मेमोरियल अस्पताल, मुंबई का प्लेटिनम जुबली ब्लॉक शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि 11 मई भारत के इतिहास के सर्वाधिक प्रतिष्ठित दिनों में से एक है क्योंकि यह वह दिन है जब भारत के वैज्ञानिकों ने पोखरण परमाणु परीक्षण के रूप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। आत्मनिर्भर रक्षा क्षेत्र के भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने रक्षा उत्कृष्टता के लिये iDEX का उल्लेख किया। उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में नए सुधारों की चर्चा करते हुए कहा कि भारत एक वैश्विक गेम चेंजर के रूप में उभर रहा है। उन्होंने SSLV तथा PSLV कक्षीय प्लेटफाॅर्मों जैसी प्रौद्योगिकियों और युवाओं एवं नए स्टार्टअप्स के लिये संभावनाओं पर प्रकाश डाला। 

जल शक्ति अभियान: कैच द रेन 2023 अभियान 

हाल ही में राष्ट्रीय जल मिशन (NWM), जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग (DoWR), जल शक्ति मंत्रालय ने जनपथ, नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में कार्यशाला-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह उन केंद्रीय नोडल अधिकारियों (CNO) और तकनीकी अधिकारियों (TO) के लिये था, जो 'जल शक्ति अभियान: कैच द रेन'- 2023 (JSA: CTR) का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिये जल की कमी से जूझ रहे 150 ज़िलों का दौरा करेंगे। JSA: CTR - 2023 वर्ष 2019 से शुरू किये गए जल शक्ति अभियान शृंखला की चौथी कड़ी है और इसका उद्देश्य पूरे भारत के 150 ज़िलों में जल तनाव या 'वाटर स्ट्रेस' (Water Stress) को दूर करना है तथा जल संरक्षण, जल निकायों के नवीनीकरण, बोर वेल रिचार्ज, वाटरशेड विकास और वनीकरण पर ध्यान केंद्रित करना है। वर्ष 2023 का यह अभियान 4 मार्च, 2023 से 30 नवंबर, 2023 तक देश के सभी ज़िलों (ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों) में चलाया जा रहा है। इसका विषय 'पेयजल के लिये स्थिर स्रोत' है। कार्यशाला का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिये GIS प्रौद्योगिकी, डेटा अपलोडिंग और अन्य उपायों के उपयोग पर भी चर्चा की गई। 

और पढ़ें…   राष्ट्रीय जल मिशन (NWM)

 ISSF विश्व कप, बाकू   

सरबजोत सिंह और टीएस दिव्या ने अज़रबैजान के बाकू में आयोजित ISSF विश्व कप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्द्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने सर्बिया के दामिर माइकेक और ज़ोराना अरुणोविक को हराकर यह पदक प्राप्त किया। ISSF विश्व कप, अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज़ी खेल महासंघ (ISSF) द्वारा आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज़ी खेल प्रतियोगिता है। ISSF, ओलंपिक शूटिंग इवेंट्स द्वारा शासित निकाय है, जो वैश्विक स्तर पर निशानेबाज़ी खेल की देख-रेख के लिये उत्तरदायी है।

और पढ़ें… ISSF विश्व कप  

राष्ट्रीय MSME परिषद की बैठक 

हाल ही में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय MSME परिषद की उद्घाटन बैठक आयोजित की। परिषद को केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के बीच समन्वय की निगरानी करने, केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने तथा MSME क्षेत्र में सुधारों की प्रगति की निगरानी करने हेतु एक प्रशासनिक और कार्यात्मक निकाय के रूप में स्थापित किया गया है, जिसमें MSME के प्रदर्शन को बेहतर और तेज़ (RAMP) करने हेतु कार्यक्रमों का आयोजन करना शामिल है। जून 2022 में शुरू किये गए RAMP कार्यक्रम का उद्देश्य MSME के लिये बाज़ार पहुँच, ऋण उपलब्धता, शासन और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ाना है।

और पढ़ें… MSME के प्रदर्शन को बेहतर और तेज़ करना (RAMP)