Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 09 सितंबर, 2022 | 09 Sep 2022

विश्व आदिवासी दिवस

प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस (World Tribal Day) या विश्व के देशज लोगों का अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day of the World’s Indigenous Peoples) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दुनिया की देशज लोगों के अधिकारों को बढ़ावा देना और उनकी रक्षा करना है तथा उन योगदानों को स्वीकार करना है जो देशज लोग वैश्विक मुद्दों जैसे पर्यावरण संरक्षण हेतु करते हैं। वर्ष 2022 में देशज लोगों के इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय दिवस का विषय "पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण और प्रसारण में स्वदेशी महिलाओं की भूमिका" है। 9 अगस्त, 1982 को जेनेवा (स्विट्ज़रलैंड) में देशज आबादी पर संयुक्त राष्ट्र कार्य समूह (United Nations Working Group on Indigenous Populations) की पहली बैठक आयोजित की गई थी। जिसके परिप्रेक्ष्य में प्रति वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के अनुसार, वर्ष 1994 से प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को मनाया जाता है। देशज लोग अद्वितीय संस्कृतियों, लोगों और पर्यावरण समर्थित परंपराओं के उत्तराधिकारी व अभ्यासी हैं। उन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक विशेषताओं को बरकरार रखा है जो उन प्रमुख समाजों से अलग हैं जिनमें वे रहते हैं। दुनिया भर के 90 देशों में 476 मिलियन से अधिक स्वदेशी लोग रहते हैं, जो वैश्विक आबादी का 6.2% हिस्सा है।

दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 'मंथन '

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने 8 सितंबर, 2022 को बंगलुरु में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 'मंथन' का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के भारत को आत्मनिर्भर बनाने की परिकल्पना पर बल दिया तथा कहा कि इन चार क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास से पाँच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। विदर्भ में अमृत सरोवर कार्यक्रम के कार्यान्वयन से राष्ट्रीय राजमार्ग के विकास के साथ-साथ जल संरक्षण, बेहतर भूजल, सतत् कृषि और किसानों की आय में वृद्धि हुई है। केंद्र सरकार के गति-शक्ति योजना से बंदरगाह संपर्क में सुधार होगा और माल परिवहन के लिये सड़कों पर निर्भरता कम होगी। इससे परिवहन की लागत कम होगी और निर्यात में भी सहायता मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने हैकाथॉन के 10 विजेताओं की घोषणा की। सड़क परिवहन क्षेत्र को बदलने वाले ऐप्स के विकास के लिये प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपए मिलेंगे। सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई वर्ष 2008 में 91 हज़ार किलोमीटर से बढ़कर वर्तमान में 1 लाख 41 हज़ार किलोमीटर हो गई है तथा इसके निर्माण की गति 12 किलोमीटर प्रतिदिन से बढ़ कर अब 37 किलोमीटर प्रतिदिन हो गई है।

महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का निधन 

हाल ही में ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे 70 वर्षों से भी अधिक समय तक ब्रिटेन की महारानी रहीं। अब उनके पुत्र चार्ल्‍स तृतीय को ब्रिटेन का राजा बनाया जाएगा। एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ब्रिटेन में सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिये गए हैं और राष्‍ट्रीय ध्‍वज आधा झुका दिया गया है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 25 वर्ष की थीं, जब ब्रिटेन की गद्दी पर उनकी ताजपोशी हुई थी। तब से लेकर अब तक करीब 7 दशक से वे इस गद्दी पर काबिज थीं। वह ब्रिटेन की सत्ता संभालने वाली सबसे उम्रदराज महिला थीं। इसके अलावा विश्व के भी सबसे बुजुर्ग शासकों में महारानी एलिज़ाबेथ का नाम आता था। वह वर्ष 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं, जिनके शासनकाल के 70 साल पूरे होने के खास मौके पर देश भर में चार दिवसीय प्लैटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया था। ब्रिटेन की महारानी के पास पासपोर्ट नहीं था, क्योंकि देश के नागरिकों को वही पासपोर्ट जारी करती थीं। ग्लोबल गुडविल टूर में चंद्रमा पर जाने वाले पहले शख्स नील आर्मस्ट्रांग, बज एल्ड्रिन और माइकल कोलिंस ने 14 अक्तूबर, 1969 को बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ II से मुलाकात की थी।