प्रिलिम्स फैक्ट्स : 11 दिसंबर, 2020 | 11 Dec 2020

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार 2020

United Nations Population Award 2020

हाल ही में हेल्पएज इंडिया (HelpAge India) को संस्थागत श्रेणी में वर्ष 2020 के लिये संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार (United Nations Population Award 2020) प्रदान किया गया है।

UN-Population-Award

  • यौन स्वास्थ्य पर काम करने और लैंगिक हिंसा को समाप्त करने के लिये भूटान की रानी मदर ग्याल्युम संगे चोडेन वांगचुक को वर्ष 2020 में व्यक्तिगत श्रेणी में संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

प्रमुख बिंदु:

  • संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार के लिये गठित समिति प्रत्येक वर्ष जनसंख्या और प्रजनन स्वास्थ्य के मुद्दों तथा समाधानों में उत्कृष्ट योगदान के लिये किसी व्यक्ति और/या संस्था को सम्मानित करती है।
  • इस पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1981 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा की गई थी और इसे  वर्ष 1983 में पहली बार प्रस्तुत किया गया था। इसमें एक स्वर्ण पदक, प्रमाण पत्र और नकद राशि शामिल है
  • संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (United Nations Population Fund- UNFPA) इसके सचिवालय के रूप में कार्य करता है।

हेल्पएज इंडिया:

  • भारत में लगभग 4 दशकों से कार्यरत यह बुजुर्गों और अन्य वंचितों के लिये काम करने वाली एक प्रमुख दानी संस्था है। इसकी स्थापना वर्ष 1978 में की गई थी तथा यह वर्ष 1860 के सोसायटी पंजीकरण अधिनियम के तहत पंजीकृत है।
  • संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार के इतिहास में पहली बार किसी भारतीय संस्थान को यह सम्मान प्रदान किया गया है।
    • वर्ष 1981 में पुरस्कार की स्थापना किये जाने के बाद से पिछले चार दशकों में केवल दो भारतीयों को सम्मानित किया गया है: वर्ष 1983 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और वर्ष 1992 में उद्योगपति-जनहितैषी जे.आर.डी.टाटा।