राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 | 12 Jan 2026

स्रोत: पी.आई.बी.

राष्ट्रीय युवा दिवस प्रतिवर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। चरित्र, साहस, सेवा और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े उनके विचार आज भी भारत की युवा-उन्मुख नीतियों का मार्गदर्शन करते हैं।

  • भारत की 65% से अधिक जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की होने के कारण, युवा सशक्तीकरण ‘विकसित भारत @2047’ के दृष्टिकोण का एक केंद्रीय आधार है।

युवा सशक्तीकरण के लिये सरकार द्वारा कौन-सी मुख्य पहल की गई हैं?

  • मेरा युवा भारत (MY Bharat): एक राष्ट्रीय डिजिटल युवा मंच, जो स्वयंसेवा, नेतृत्व और कौशल निर्माण को AI-आधारित कॅरियर सेवाओं, मार्गदर्शन (मेंटरशिप) और फिट इंडिया पहल के साथ एकीकृत करता है।
  • राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD): राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (NSS) सामुदायिक सेवा के माध्यम से नागरिक सहभागिता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देता है, जबकि VBYLD एक राष्ट्रीय विचार-मंच प्रदान करता है, जिसमें लगभग 3,000 युवा नेता शामिल हैं। साथ ही माय भारत (MY Bharat) और माय गव (MyGov) के माध्यम से इसकी डिजिटल पहुँच 50.42 लाख से अधिक युवाओं तक है।
  • अग्निपथ योजना: 17.5 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिये चार वर्षीय सैन्य सेवा का मार्ग, जो अनुशासन, तकनीकी कौशल और सेवा उपरांत संरचित पुनर्वास समर्थन के माध्यम से रोज़गार योग्यता को बढ़ावा देता है।
  • प्रधानमंत्री कौशल और रोज़गार योग्यता उन्नयन के माध्यम से परिवर्तन (PM-SETU): एक प्रमुख पहल, जिसके तहत सरकार के स्वामित्व और उद्योग-प्रबंधित हब-एंड-स्पोक मॉडल के माध्यम से 1,000 ITIs को उन्नत किया जाएगा, ताकि व्यावसायिक प्रशिक्षण को वर्तमान और भविष्य की श्रम-बाज़ार आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जा सके।
  • स्किल इंडिया मिशन: एक समेकित कौशल पारिस्थितिकी तंत्र, जो PMKVY 4.0, PM-NAPS और जन शिक्षण संस्थानों (JSS) को एकीकृत कर भविष्य के लिये तैयार व्यावसायिक प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप तथा आजीवन सीखने के अवसर प्रदान करता है।
  • PM विकसित भारत रोज़गार योजना: एक बड़े पैमाने की रोज़गार सृजन योजना, जिसका उद्देश्य दो वर्षों में 3.5 करोड़ नौकरियों को समर्थन देना है। इसके तहत नव-नियुक्त युवाओं और नियोक्ताओं दोनों को वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान किये जाएंगे।
  • स्टार्टअप इंडिया एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना: 1.97 लाख से अधिक स्टार्टअप्स को मान्यता तथा ₹20 लाख तक के बिना संपार्श्विक ऋण की व्यवस्था के माध्यम से युवा उद्यमिता को सुदृढ़ करना; विशेष रूप से प्रथम-पीढ़ी के उद्यमियों, महिलाओं एवं सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यमों (MSMEs) को लाभ।
  • फिट इंडिया अभियान: दैनिक फिटनेस को प्रोत्साहित करने हेतु एक राष्ट्रव्यापी अभियान, जिसमें संडेज़ ऑन साइकिल, फिट इंडिया स्कूल प्रमाणन, फिटनेस प्लेज़ेस तथा डिजिटल फिटनेस ट्रैकिंग जैसी पहलें शामिल हैं।
  • युवा आध्यात्मिक शिखर सम्मेलन एवं काशी घोषणा: युवाओं के नेतृत्व में तैयार किया गया राष्ट्रीय रोडमैप, जो मानसिक कल्याण, नशा-मुक्त जीवनशैली तथा मूल्य-आधारित नेतृत्व पर बल देता है; ये विकसित भारत के लिये नशा मुक्त युवा की परिकल्पना के अनुरूप है।
  • राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK): पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मादक पदार्थों का दुरुपयोग, गैर-संचारी रोगों तथा चोट-निवारण जैसे आयामों को समाहित करने वाला समग्र किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, जो निवारक एवं समुदाय-आधारित दृष्टिकोण पर आधारित है।

स्वामी विवेकानंद से संबंधित प्रमुख तथ्य क्या हैं?

  • परिचय: स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी, 1863 को नरेंद्रनाथ दत्त के रूप में हुआ था, एक संन्यासी और रामकृष्ण परमहंस के मुख्य शिष्य थे।
    • वर्ष 1893 में, खेतड़ी रियासत के महाराजा अजीत सिंह के अनुरोध पर, उन्होंने अपना नाम 'सच्चिदानंद' से परिवर्तित कर 'विवेकानंद' कर लिया।
  • ज्ञानोदय: वर्ष 1892 में, ऐसी मान्यता है कि स्वामी विवेकानंद ने ध्यान के लिये कन्याकुमारी के तट से हिंद महासागर में एक चट्टान (बाद में विवेकानंद रॉक मेमोरियल नामित) तक तैरकर पहुँचे।
    • उन्होंने वहाँ तीन दिन और तीन रात बिताए, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें ज्ञानोदय हुआ।
  • योगदान:
    • दार्शनिक: उन्होंने दुनिया को वेदांत और योग के भारतीय दर्शन से परिचित कराया।
      • उन्होंने 'नव-वेदांत' का प्रचार किया, जो पश्चिमी दृष्टिकोण के माध्यम से हिंदू धर्म की एक व्याख्या है। वह आध्यात्मिकता को भौतिक प्रगति के साथ जोड़ने में विश्वास करते थे।
    • आध्यात्मिक: विवेकानंद का मानवीय मूल्यों पर संदेश उपनिषदों, गीता और बुद्ध एवं ईसा मसीह के उदाहरणों से लिया गया है, जो आत्म-साक्षात्कार, करुणा और निस्वार्थ सेवा पर बल देता है।
      • उन्होंने सेवा के सिद्धांत का समर्थन किया। जीव (प्राणियों) की सेवा को शिव की पूजा माना है।
      • उन्होंने अपनी पुस्तकों- राज-योग, कर्म-योग, ज्ञान-योग और भक्ति-योग में सांसारिक सुखों और आसक्तियों से मोक्ष (मुक्ति) प्राप्त करने के चार मार्ग प्रदान किये।
    • पुनरुत्थानवाद: उन्होंने हमारी मातृभूमि के उत्थान के लिये शिक्षा पर बल दिया। उन्होंने मानव-निर्माण, चरित्र-निर्माण संबंधी शिक्षा का समर्थन किया।
  • संबद्ध संगठन: उन्होंने वर्ष 1897 में सेवा, शिक्षा और आध्यात्मिक उत्थान के आदर्शों का प्रचार करने के लिये रामकृष्ण मिशन की स्थापना की।
    • वर्ष 1899 में, उन्होंने बेलूर मठ की स्थापना की, जो उनका स्थायी निवास बन गया।
  • अंतर्राष्ट्रीय उद्बोधन : उन्होंने वर्ष 1893 में शिकागो में आयोजित धर्म संसद को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व किया।
    • जुलाई 1896 में, उन्होंने लंदन में लंदन हिंदू एसोसिएशन के एक सम्मेलन को संबोधित किया।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)

1. राष्ट्रीय युवा दिवस क्या है?
स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाने और भारत के युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं वर्ष 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने हेतु प्रेरित करने के लिये राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को मनाया जाता है।

2. युवा सशक्तीकरण के लिये सरकार की प्रमुख पहलें क्या हैं?
प्रमुख पहलों में माय भारत, NSS, VBYLD, स्किल इंडिया, PM-SETU, अग्निपथ, स्टार्टअप इंडिया, PM MUDRA, फिट इंडिया, RKSK और काशी घोषणा शामिल हैं, जो नेतृत्व, कौशल विकास, रोज़गार, उद्यमिता और कल्याण को शामिल करते हैं।

3. स्वामी विवेकानंद कौन थे?
स्वामी विवेकानंद 19वीं सदी के एक आध्यात्मिक नेता और समाज सुधारक थे जिन्होंने वेदांत और योग का प्रचार किया, चरित्र निर्माण की शिक्षा का समर्थन किया, रामकृष्ण मिशन की स्थापना की और युवाओं द्वारा संचालित राष्ट्रीय पुनरुत्थान को प्रेरित किया।