माउंट डेनाली | 20 Jun 2025
स्रोत: लाइव मिंट
केरल के एक पर्वतारोही और उनकी टीम ऑपरेशन सिंदूर के तहत सशस्त्र बलों को सम्मानित करने वाला बैनर प्रदर्शित करने के मिशन के दौरान माउंट डेनाली पर फँस गई। यह पर्वत अपने भीषण मौसम और खड़ी चढ़ाई के लिये जाना जाता है।
माउंट डेनाली (माउंट मैकिनली)
- परिचय: यह उत्तरी अमेरिका (अलास्का रेंज, अमेरिका का हिस्सा) की सबसे ऊँचा शिखर (6,190 मीटर) है और डेनाली राष्ट्रीय उद्यान एवं संरक्षित क्षेत्र की केंद्रीय विशेषता है।
- डेनाली सात समिट्स (प्रत्येक महाद्वीप का सबसे ऊँचा शिखर) में तीसरा सबसे ऊँचा शिखर है।
- भौगोलिक विशेषताएँ: यह एक विशाल ग्रेनाइट ब्लॉक है, जिसका निर्माण रैंगलिया कॉम्पोज़िट टेरेन (एक महासागरीय प्लेट) और उत्तरी अमेरिकी प्लेट की टक्कर से हुआ था। लगभग 60 मिलियन वर्ष पहले शुरू हुई टेक्टोनिक गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र ऊँचा उठा।
- भौतिक विशेषताएँ: इसमें दो प्रमुख शिखर हैं, जिनमें दक्षिणी शिखर अधिक ऊँचाई वाला है। इसका ऊपरी आधा भाग स्थायी हिम क्षेत्रों (बर्फ की चादरों) से ढका रहता है, जो कहिल्टना, मुल्ड्रो, पीटर्स, रूथ और ट्रलेइका जैसे हिमनदों को जल प्रदान करते हैं।
- नामकरण: पूर्व में इसे माउंट मैकिनली कहा जाता था, लेकिन वर्ष 2015 में इसे डेनाली नाम दिया गया ताकि मूल निवासी कोयुकोन जनजाति को सम्मान दिया जा सके। हालाँकि, वर्ष 2025 में अमेरिका के राष्ट्रपति ने इसका पुराना नाम माउंट मैकिनली पुनः बहाल कर दिया।
और पढ़ें: डेनाली फॉल्ट