भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रमुख घोषणाएँ | 18 Aug 2025

स्रोत: हिंदुस्तान टाइम्स 

वर्ष 2047 तक राष्ट्र को विकसित भारत की ओर ले जाने के क्रम में भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री ने प्रमुख पहलों की घोषणा की।

प्रमुख घोषणाएँ

  • PM विकसित भारत रोज़गार योजना: इसका लक्ष्य दो वर्षों में 3.5 करोड़ रोज़गार सृजित करना है। नए रोज़गार प्राप्त युवाओं को 15,000 रुपए की सहायता राशि मिलेगी, जिससे लगभग 3 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा। यह स्वतंत्र भारत से समृद्ध भारत की ओर एक प्रमुख पहल है।
  • मिशन सुदर्शन चक्र: इसका उद्देश्य वर्ष 2035 तक स्वदेशी आयरन डोम जैसी वायु रक्षा प्रणाली विकसित करना है जिससे सामरिक एवं नागरिक स्थलों की सुरक्षा होने के साथ दुश्मन के हमलों को रोकने तथा प्रतिक्रिया करने की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
    • सेमीकंडक्टर: भारत वर्ष 2025 के अंत तक अपनी पहली मेड-इन-इंडिया सेमीकंडक्टर चिप प्रस्तुत करेगा।
  • नेशनल डीप वाटर एक्सप्लोरेशन मिशन: "समुद्र मंथन" नामक नियोजित मिशन का उद्देश्य मिशन मोड में अपतटीय तेल, गैस एवं खनिज संसाधनों का अन्वेषण करना है।
  • GST और रिफाॅर्म टास्क फोर्स: अक्टूबर 2025 तक वस्तु एवं सेवा कर (GST) संबंधी सुधार शुरू किये जाएंगे, जिसमें आवश्यक वस्तुओं का पुनरीक्षण करने के साथ MSMEs और उपभोक्ताओं को राहत दिया जाना शामिल है।
    • एक समर्पित रिफाॅर्म टास्क फोर्स से आर्थिक विकास को गति मिलने एवं लालफीताशाही में कमी आने के साथ वर्ष 2047 तक 10 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था के क्रम में शासन आधुनिक एवं अनुकूल बनेगा।
  • हाई पाॅवर डेमोग्राफी मिशन: इसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध प्रवासन से उत्पन्न जनसांख्यिकीय असंतुलन का समाधान करने के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, अखंडता तथा नागरिकों के अधिकारों को सुनिश्चित करना है।
  • परमाणु ऊर्जा का विस्तार: भारत की योजना वर्ष 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता को दस गुना तक बढ़ाने की है, जिसके लिये 10 नए रिएक्टरों का विकास किया जा रहा है।
  • स्वच्छ ऊर्जा संबंधी लक्ष्य प्राप्ति: भारत ने गैर-जीवाश्म स्रोतों से 50% विद्युत उत्पादन का लक्ष्य वर्ष 2030 की समय-सीमा से पाँच वर्ष पूर्व ही प्राप्त कर लिया है।

और पढ़ें: लाल किला: भारत का स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल