भारत और GCC ने FTA की संदर्भ शर्तों पर हस्ताक्षर किये | 06 Feb 2026
भारत और खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) ने एक व्यापक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लिये बातचीत को निर्देशित करने हेतु आधिकारिक तौर पर 'संदर्भ शर्तों' (ToR) पर हस्ताक्षर किये हैं, जो आर्थिक संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
- उद्देश्य: ToR आगामी FTA (मुक्त व्यापार समझौता) वार्त्ताओं के दायरे और कार्यप्रणाली को परिभाषित करता है।
- आर्थिक प्रभाव: इस समझौते का उद्देश्य वस्तुओं और सेवाओं के निर्बाध प्रवाह को सक्षम बनाना, निवेश आकर्षित करना, रोज़गार के अवसरों का विस्तार करना और खाद्य तथा ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
- व्यापार आँकड़े:
- द्विपक्षीय व्यापार: भारत और GCC के बीच FY 2024-25 में व्यापार 178.56 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया (निर्यात: 56.87 बिलियन USD; आयात: 121.68 बिलियन USD), जो भारत के वैश्विक व्यापार का 15.42% है।
- वृद्धि दर: पिछले पाँच वर्षों में यह व्यापार औसतन 15.3% प्रतिवर्ष की दर से बढ़ा है।
- भारत का प्रमुख निर्यात: इंजीनियरिंग उत्पाद, चावल, वस्त्र, मशीनरी, रत्न और आभूषण।
- भारत का प्रमुख आयात: कच्चा तेल, LNG, पेट्रोकेमिकल्स और सोना।
- निवेश और प्रवासी समुदाय: GCC भारत के लिये विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) का एक प्रमुख स्रोत है, जिसकी संचयी राशि 31.14 बिलियन अमेरिकी डॉलर (सितंबर 2025 तक) है और यहाँ लगभग 1 करोड़ भारतीय निवास करते हैं।
खाड़ी सहयोग परिषद (GCC)
- GCC, जिसे 1981 में स्थापित किया गया था, छह अरब देशों (सऊदी अरब, यूएई, बहरीन, कतर, कुवैत और ओमान) का एक क्षेत्रीय समूह है, जिसे साझा इस्लामी मूल्यों, जनजातीय संबंधों और सामान्य सुरक्षा हितों के आधार पर राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु बनाया गया है।
- GCC अपने संचालन के लिये सुप्रीम काउंसिल, मिनिस्टीरियल काउंसिल और रियाद स्थित सचिवालय के माध्यम से कार्य करता है। यह फारस की खाड़ी के किनारे एक रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण स्थान पर स्थित है, जो प्रमुख वैश्विक व्यापार मार्गों से जुड़ता है।
- यह समूह लगभग 61.5 मिलियन लोगों की संयुक्त जनसंख्या और लगभग 2.3 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के GDP वाला बाज़ार प्रस्तुत करता है, जो वैश्विक स्तर पर नौवें स्थान पर है और वैश्विक ऊर्जा तथा व्यापार बाज़ारों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
|
और पढ़ें: भारत GCC आर्थिक और सामरिक संबंध |
