अरुणाचल प्रदेश में जलविद्युत परियोजनाएँ | 10 Apr 2026

स्रोत: द हिंदू

हाल ही में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने अरुणाचल प्रदेश में दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं—1,720 मेगावाट कमला जलविद्युत परियोजना और 1,200 मेगावाट कलई-II जलविद्युत परियोजना—के लिये लगभग ₹40,175 करोड़ के निवेश को मंज़ूरी दी है।

  • कमला परियोजना: सुबनसिरी नदी की सहायक नदी 'कमला' पर स्थित यह परियोजना, जो अरुणाचल प्रदेश के कमले, क्रा दादी और कुरुंग कुमे ज़िलों में स्थित है, से वार्षिक लगभग 6,870 मिलियन यूनिट विद्युत् उत्पन्न होने की उम्मीद है। इसे NHPC लिमिटेड और अरुणाचल प्रदेश सरकार के एक संयुक्त उद्यम (Joint Venture) द्वारा विकसित किया जाएगा।
  • कलई-II परियोजना: यह परियोजना लोहित नदी (ब्रह्मपुत्र की एक प्रमुख सहायक नदी) पर, अंजॉ ज़िले में स्थित है। इससे प्रतिवर्ष लगभग 4,853 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने की अपेक्षा है और इसे THDC इंडिया लिमिटेड तथा राज्य सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में लागू किया जाएगा।
  • महत्त्व: अरुणाचल प्रदेश को 12% निशुल्क बिजली प्राप्त होगी, साथ ही स्थानीय क्षेत्र विकास कोष (LADF) के लिये अतिरिक्त 1% बिजली भी प्रदान की जाएगी।
    • ये परियोजनाएँ उच्चतम मांग के प्रबंधन, ग्रिड संतुलन, नवीकरणीय ऊर्जा के समावेशन तथा ब्रह्मपुत्र बेसिन में बाढ़ नियंत्रण में सहायक होंगी, जिससे भारत की स्वच्छ ऊर्जा क्षमता सुदृढ़ होगी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के रणनीतिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।

और पढ़ें: भारत का जल संकट और जलविद्युत