हेडियन प्रोटो क्रस्ट | 16 Apr 2025
स्रोत: द हिंदू
मैक्वेरी विश्वविद्यालय के एक अध्ययन से पता चलता है कि प्लेट विवर्तनिकी [और प्रविष्ठन (Subduction)] से जुड़े अद्वितीय रासायनिक संकेत विवर्तनिक प्लेटों के संचलन के शुरू होने से पूर्व ही पृथ्वी की प्रारंभिक पर्पटी (हेडियन प्रोटो क्रस्ट) में मौजूद थे।
- रासायनिक संकेत प्राचीन चट्टानों में विशिष्ट रासायनिक पैटर्न हैं जो प्लेट विवर्तनिकी (Plate Tectonics) प्रक्रियाओं के संकेतक के रूप में काम करते हैं।
- परंपरागत रूप से, ये संकेत, जैसे समृद्ध हल्के दुर्लभ मृदा तत्त्व (LREE) और विशिष्ट समस्थानिक अनुपात (Nd, Sr, Pb) प्रविष्ठन (Subduction) का संकेत देते हैं।
- हालाँकि, अध्ययन में पाया गया है कि ये संकेत बिना किसी प्रविष्ठन के भी बन सकते हैं, जिससे यह विचार चुनौतीपूर्ण हो जाता है कि ये संकेत केवल प्लेट विवर्तनिकी तक ही सीमित हैं।
- प्रविष्ठन क्षेत्र (Subduction Zone) वह क्षेत्र है जहाँ प्रविष्ठन होता है, जो गहरे महासागरीय गर्तों, ज्वालामुखीय चापों (Volcanic Arcs) और भूकंपों द्वारा चिह्नित होता है।
हेडियन प्रोटो क्रस्ट और हेडियन एऑन:
- हेडियन प्रोटो क्रस्ट पृथ्वी की सबसे प्रारंभिक परत है, जिसका निर्माण हेडियन एऑन (4.6 से 4 अरब वर्ष पूर्व) के प्रथम 200 मिलियन वर्षों में हुआ था, यह वह काल था जिसमें अत्यधिक ऊष्मा, ज्वालामुखीय गतिविधियाँ और आंशिक रूप से पिघली हुई सतह थी।
- समय के साथ पिघली हुई सतह के कुछ भाग शीतल होकर ठोस हो गए, जिससे प्रथम क्रस्ट का निर्माण हुआ।
- हेडियन एऑन के बाद आर्कियन ईऑन (4 से 2.5 अरब वर्ष पूर्व) आया, जिसे पृथ्वी की पहली स्थिर परत के निर्माण, प्लेट विवर्तनिकी की शुरुआत और जीवन के उद्भव के रूप में चिह्नित किया गया।
- जैसे-जैसे सतह शीतल होती गई, मोटी परत ने पहले महाद्वीपों का निर्माण किया, जो नीचे अर्द्ध-तरल दुर्बलतामंडल (Semi-Fluid Asthenosphere) के ऊपर चला गया।
और पढ़ें: प्लेट विवर्तनिकी