सरकार द्वारा 'ऑरेंज इकॉनमी' के लिये 3 पहलें आरंभ | 25 Mar 2026
चर्चा में क्यों?
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने तीन परिवर्तनकारी पहलें राष्ट्रीय AI कौशल पहल, मायवेव्स और अंतर्निहित सैटेलाइट ट्यूनर के साथ उन्नत EPG शुरू की हैं, जो भारत की ऑरेंज इकॉनमी को सुदृढ़ करने और डिजिटल प्रौद्योगिकी तक पहुँच का लोकतंत्रीकरण करने के लिये हैं।
- ये कदम भविष्य के लिये तैयार कार्यबल का निर्माण करने और भारत को डिजिटल सामग्री एवं नवाचार के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक सामरिक कदम को दर्शाते हैं।
ऑरेंज इकॉनमी को बढ़ावा देने के लिये कौन-सी 3 परिवर्तनकारी पहलों की शुरुआत हुई?
- राष्ट्रीय AI कौशल पहल: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, गूगल और यूट्यूब के बीच एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी है, जिसका उद्देश्य AVGC (एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स) क्षेत्र में 15,000 पेशेवरों को प्रशिक्षित करना है। इसे मुंबई के भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICT) के माध्यम से कार्यान्वित किया जा रहा है।
- चरण I (मार्च–जून 2026): गूगल कॅरियर सर्टिफिकेट्स और गूगल क्लाउड जनरेटिव AI लर्निंग पाथवे के माध्यम से बड़े पैमाने पर फाउंडेशनल AI लर्निंग पर केंद्रित है, जिसमें प्रॉम्प्टिंग और AI लीडरशिप जैसे बुनियादी बिंदु शामिल हैं।
- चरण II (जुलाई–दिसंबर 2026): जेमिनी 3, नैनो बनाना, वियो और वर्टेक्स AI जैसे उच्च-स्तरीय उपकरणों का उपयोग करके डिजिटल स्टोरी टेलिंग में महारत हासिल करने के लिये उन्नत, व्यावहारिक परियोजना-आधारित विशेषज्ञता पर केंद्रित है।
- मायवेव्स प्लेटफॉर्म: वेव्स OTT प्लेटफॉर्म पर एक नई सुविधा है, जो उपयोगकर्त्ताओं को निष्क्रिय दर्शकों से सक्रिय रचनाकारों में परिवर्तित करती है, जो विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपयोगकर्त्ता-जनित सामग्री (UGC) का समर्थन करती है।
- इसे क्रिएट इन इंडिया चैलेंज (CIC) के साथ संरेखित करने के लिये डिज़ाइन किया गया है, जो लोकल स्टोरीटेलर को क्षेत्रीय विविधता प्रदर्शित करने के लिये एक संरचित ईकोसिस्टम प्रदान करता है।
- CIC विभिन्न थीमों पर दर्ज़नों प्रतियोगिताओं की मेज़बानी करता है, जैसे– एनीमे चैलेंज, AI फिल्म मेकिंग, कॉमिक्स क्रिएटर चैंपियनशिप, ट्रुथ टेल हैकाथॉन (गलत सूचना को फैलने से रोकने के लिये) और XR क्रिएटर हैकाथॉन, ताकि भारत की क्रिएटर इकॉनमी को सशक्त बनाया जा सके।
- इसे क्रिएट इन इंडिया चैलेंज (CIC) के साथ संरेखित करने के लिये डिज़ाइन किया गया है, जो लोकल स्टोरीटेलर को क्षेत्रीय विविधता प्रदर्शित करने के लिये एक संरचित ईकोसिस्टम प्रदान करता है।
- TV में अंतर्निहित सैटेलाइट ट्यूनर के साथ उन्नत EPG: यह सेट-टॉप बॉक्स के बिना डीडी फ्री डिश एक्सेस की अनुमति देता है, जो दूरदराज़ के क्षेत्रों में पहुँच में काफी सुधार करता है और हार्डवेयर की लागत को कम करता है।
ऑरेंज इकॉनमी क्या है?
- परिचय: ऑरेंज इकॉनमी, जिसे क्रिएटिव इकॉनमी के रूप में भी जाना जाता है, एक उत्पादन मॉडल को संदर्भित करती है जहाँ मूल्य मुख्य रूप से भौतिक विनिर्माण या प्राकृतिक संसाधनों के बजाय बौद्धिक संपदा, क्रिएटिविटी और सांस्कृतिक पूंजी से प्राप्त होता है।
- प्रमुख क्षेत्र: इसमें AVGC-XR (एनिमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंड रियलिटी), फिल्म, संगीत, फैशन, डिज़ाइन, विज्ञापन, परफॉर्मिंग आर्ट और सांस्कृतिक पर्यटन शामिल हैं।
- आर्थिक प्रभाव
- वैश्विक स्तर पर: यह लगभग 3% वैश्विक GDP और 30 मिलियन नौकरियों के लिये ज़िम्मेदार है।
- भारत: भारत का मनोरंजन और मीडिया राजस्व 2025 में 35.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर वर्ष 2029 तक 47.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँचने का अनुमान है।
- बजट 2026-27 का मुख्य बिंदु: सरकार ने हाल ही में वर्ष 2030 तक 20 लाख पेशेवरों का कार्यबल तैयार करने के लिये 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित करने की घोषणा की है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
1. ऑरेंज इकॉनमी क्या है?
ऑरेंज इकॉनमी एक उत्पादन मॉडल है, जिसमें मूल्य बौद्धिक संपदा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक पूंजी से प्राप्त होता है।
2. ऑरेंज इकॉनमी के लिये तीन परिवर्तनकारी पहलें कौन-सी हैं?
तीन पहलें हैं: (1) राष्ट्रीय AI कौशल पहल, (2) MyWAVES प्लेटफॉर्म और (3) टीवी में इन-बिल्ट सैटेलाइट ट्यूनर के साथ उन्नत EPG।
3. राष्ट्रीय AI कौशल पहल का लक्ष्य क्या है?
इसका उद्देश्य 15,000 युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देना है। चरण I में AI की बुनियादी शिक्षा शामिल है, जबकि चरण II में उन्नत, प्रोजेक्ट-आधारित विशेषज्ञता पर ध्यान दिया जाता है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQ)
प्रश्न. निम्नलिखित पर विचार कीजिये: (2022)
- आरोग्य सेतु
- कोविन
- डिजीलॉकर
- दीक्षा
उपर्युक्त में से कौन-से ओपेन-सोर्स डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बनाए गए हैं ?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 2, 3 और 4
(c) केवल 1, 3 और 4
(d) 1, 2, 3 और 4
उत्तर: (d)