केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण | 21 Apr 2022

हाल ही में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (Central Administrative Tribunal-CAT) ने वरिष्ठ नागरिकों/पेंशनभोगियों जैसे आवेदकों के मामलों के समाधान के लिये अधिकरण की सभी 19 पीठों में एक विशेष अभियान चलाया।

केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण:

  • स्थापना: इसकी स्थापना संविधान के अनुच्छेद 323A के तहत की गई थी।
    • यह संघ के नियंत्रणाधीन अन्य प्राधिकरणों के मामलों के संबंध में सार्वजनिक सेवाओं और पदों पर नियुक्त व्यक्तियों की भर्ती एवं सेवा की शर्तों से संबंधित विवादों व शिकायतों के न्यायनिर्णयन का प्रावधान करता है। 
  • कानूनी ढाँचा: संविधान के अनुच्छेद 323A के तहत  संसद ने वर्ष 1985 में प्रशासनिक अधिकरण  अधिनियम पारित किया।
    • अधिनियम केंद्र सरकार को एक केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) और राज्य प्रशासनिक अधिकरणों की स्थापना  करने हेतु अधिकृत करता है।
    • इस अधिनियम द्वारा पीड़ित लोक सेवकों को शीघ्र एवं किफायती न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से एक नया मार्ग प्रशस्त किया गया। 
    • CAT की स्थापना राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में हुई थी।
  • पीठ/बेंच: पूरे भारत में CAT की 19 पीठें हैं।
  • उद्देश्य और संरचना: CAT एक विशेषज्ञ निकाय है जिसमें प्रशासनिक और न्यायिक सदस्य शामिल होते हैं जो अपने विशेष ज्ञान के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी न्याय प्रदान करने में सक्षम होते हैं। 
    • किसी उच्च न्यायालय का वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश इसका अध्यक्ष होता है।
  • संचालन सिद्धांत: न्यायाधिकरण मामलों को तय करने में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन किया जाता है और नागरिक प्रक्रिया संहिता द्वारा निर्धारित प्रक्रिया से बाध्य नहीं होता है।
    • प्रशासनिक अधिकरण अधिनियम, 1985 की धारा 17 के तहत, अधिकरण को उच्च न्यायालय के समान ही स्वयं अवमानना ​​के संबंध में उसी अधिकार क्षेत्र और अधिकार का प्रयोग करने की शक्ति प्रदान की गयी है।
  • स्वतंत्रता: अध्यक्ष और सदस्यों की सेवा की शर्तें प्रशासनिक अधिकरण (संशोधन) अधिनियम, 2006 के अनुसार उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के समान होती हैं।
  • आदेशों के खिलाफ अपील: CAT के आदेशों से संबंधित मामलों को उच्च न्यायालय के समक्ष संविधान के अनुच्छेद 226/227 के तहत एक रिट याचिका के माध्यम से चुनौती दी जाती है, जिसके क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में न्यायाधिकरण की पीठ स्थित है।

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा, पिछले वर्ष के प्रश्न (PYQ) 

प्रश्न . निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2009)

  1. केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (CAT) की स्थापना प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के काल में की गई थी ।
  2. CAT के सदस्य न्यायिक और प्रशासनिक दोनों क्षेत्र से संबंधित हो सकते हैं । 

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) दोनों 1 और 2
(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (b)

स्रोत: पी.आई.बी