ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (GIB) के लिये पहली अंतर-राज्यीय पहल | 30 Mar 2026

स्रोत: द हिंदू 

गुजरात के कच्छ में एक दशक के बाद 'जंपस्टार्ट' पद्धति के माध्यम से 'ग्रेट इंडियन बस्टर्ड' (GIB) के एक चूज़े का जन्म हुआ है। यह एक संरक्षण पद्धति है जिसमें कैप्टिव ब्रीडिंग प्रोग्राम के अंतर्गत प्राप्त उर्वर, ऊष्मायित अंडे को जंगली मादा के घोंसले में स्थानांतरित किया जाता है, जिससे उसके प्राकृतिक रूप से विकसित होने की संभावना बढ़ती है।

  • यह अपनी तरह की पहली अंतर-राज्यीय पहल है, जिसे पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) ने राजस्थान एवं गुजरात के वन विभागों और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के साथ मिलकर 'प्रोजेक्ट ग्रेट इंडियन बस्टर्ड' (2016 में शुरू) के तहत समन्वित किया था, जिसका उद्देश्य इस गंभीर रूप से लुप्तप्राय प्रजाति को पुनरुज्जीवित करना है।

ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (GIB)

  • GIB, राजस्थान का राज्य पक्षी, भारत का गंभीर रूप से लुप्तप्राय पक्षी है। यह दुनिया के सबसे भारी उड़ने वाले पक्षियों में से एक है और मुख्य रूप से राजस्थान के थार रेगिस्तान में पाया जाता है, जिसकी छोटी आबादी गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में है। 
    • GIB भारत में पाए जाने वाले चार बस्टर्ड प्रजातियों में से एक है, साथ में लेसर फ्लोरिकन, बंगाल फ्लोरिकन और मैक्वीन बस्टर्ड शामिल हैं।
    • GIB सर्वाहारी है और आगे देखने की क्षमता में कमी के कारण बिजली की लाइनों से टकराने के लिये संवेदनशील है।
  • पारिस्थितिकीय महत्त्व: GIB एक संकेतक प्रजाति के रूप में कार्य करता है; यह ग्रासलैंड ईकोसिस्टम के स्वास्थ्य को दर्शाता है। इसकी संख्या में कमी देशी घास के मैदानों के क्षरण का संकेत देती है।
  • संरक्षण स्थिति: IUCN रेड लिस्ट (गंभीर रूप से लुप्तप्राय), CITES (परिशिष्ट I), प्रवासी प्रजातियों पर अभिसमय (CMS) (परिशिष्ट I) और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (अनुसूची I)।
  • खतरा: कृषि, खनन और अवसंरचना से आवास का नुकसान, साथ ही बिजली की लाइनों से टकराना (वयस्क मृत्यु दर का प्रमुख कारण) GIB के लिये खतरा हैं।
  • संरक्षण के प्रयास: यह संरक्षण के लिये पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) के वन्यजीव आवासों के एकीकृत विकास के अंतर्गत शामिल है।
    • परियोजना GIB, जो वर्ष 2016 में शुरू हुई, का उद्देश्य ब्रीडिंग इनक्लोज़र का निर्माण करना और आवासों पर मानवीय दबाव को कम करना, दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित करना है।

Great_Indian_Bustard

और पढ़ें: ग्रेट इंडियन बस्टर्ड