आल्प्स के बदलते भू-दृश्य | 20 Jul 2021

प्रिलिम्स के लिये:

डेन्यूब नदी, बाल्कन क्षेत्र

मेन्स के लिये:

वैश्विक जलवायु परिवर्तन का पृथ्वी की भौगोलिक संरचनाओं पर प्रभाव 

चर्चा में क्यों?   

हाल ही में स्विट्ज़रलैंड के ज़्यूरिख में स्थित ईटीएच तकनीकी विश्वविद्यालय (ETH Technical University) द्वारा किये गए एक अध्ययन में इस बात की पुष्टि की गई है कि जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के कारण आल्प्स (Alps) पर्वत के भू-दृश्यों/लैंडस्केप (Landscape) में नाटकीय रूप से परिवर्तन हुआ है।

प्रमुख बिंदु: 

महत्त्वपूर्ण निष्कर्ष:

  •  ग्लेशियरों (Glaciers) के पिघलने से पहाड़ों में 1,000 से अधिक नई झीलें निर्मित हुई हैं। 
    • स्विस ग्लेशियल झीलों की सूची से पता चला है कि आल्प्स के पूर्व हिमाच्छादित क्षेत्रों में वर्ष 1850 के आसपास लिटिल आइस ऐज ( Little Ice Age) की समाप्ति के बाद लगभग 1,200 नई झीलें निर्मित हुई हैं जिनमें से लगभग 1,000 आज भी मौज़ूद हैं।
  • स्विस आल्प्स क्षेत्र में पाए जाने वाले ग्लेशियर लगातार पिघल रहे हैं, मात्र पिछले साल उनकी मात्रा में  2% की कमी आई है।
  • भले ही वर्ष 2015 के पेरिस समझौते (Paris Agreement) को पूरी तरह से लागू कर दें, बावजूद इसके  दो-तिहाई अल्पाइन ग्लेशियरों के नष्ट होने की संभावना बनी हुई है।
    • पेरिस समझौता जलवायु परिवर्तन पर कानूनी रूप से बाध्यकारी एक अंतर्राष्ट्रीय संधि है। इसे दिसंबर 2015 में पेरिस में सीओपी-21 में 196 पार्टियों (देशों) द्वारा अपनाया गया था।

आल्प्स पर्वत:

Alps

  • आल्प्स पर्वत अल्पाइन ऑरोजेनी (पर्वत-निर्माण घटना) के दौरान उभरा, यह घटना लगभग 65 मिलियन वर्ष पहले शुरू हुई थी जो  मेसोज़ोइक युग (Mesozoic Era) के पास आने के दौरान घटित हुई।
  • आल्प्स ऊबड़-खाबड़ और ऊँची शंक्वाकार चोटियों से निर्मित एक युवा वलित पर्वत शृंखला  है।
  • यह  पश्चिमी यूरोप के भौगोलिक क्षेत्रों में सबसे प्रमुख है। जो लगभग 750 मील लंबी और 125 मील से अधिक चौड़ी है जिसकी सबसे ज़्यादा चौड़ाई जर्मनी के गार्मिश-पार्टेनकिर्चेन क्षेत्र तथा वेरोना, इटली के मध्य है, आल्प्स पर्वत शृंखला 80000 वर्ग मील से अधिक के क्षेत्र को कवर करती है।
    • आल्प्स पर्वत शृंखला पूरब, उत्तर-पूर्व में विएना, ऑस्ट्रिया की ओर मुड़ने से पहले उत्तर में नीस, फ्रांँस के पास उपोष्णकटिबंधीय भूमध्यसागरीय तट से जिनेवा झील तक फैली हुई है जहाँ यह डेन्यूब नदी (Danube River) को छूते हुए उससे लगे मैदानी भागों में मिल जाती है।
  • अपने चापाकार आकार के कारण आल्प्स यूरोप की पश्चिमी समुद्री तट की जलवायु को फ्रांँस, इटली और बाल्कन क्षेत्र ( Balkan Region) के भूमध्यसागरीय क्षेत्रों से अलग करता है।
  • संबंधित देश:
    • आल्प्स फ्राँस, इटली, स्विट्ज़रलैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, स्लोवेनिया, क्रोएशिया, बोस्निया और हर्जेगोविना, मोंटेनेग्रो, सर्बिया तथा अल्बानिया का हिस्सा है।
    • केवल स्विट्ज़रलैंड तथा ऑस्ट्रिया को ही ‘ट्रू अल्पाइन’ देश माना जा सकता है।
  • महत्त्वपूर्ण चोटियाँ:
    • ‘मोंट ब्लांक’ (Mont Blanc) आल्प्स और यूरोप की सबसे ऊँची चोटी है जो समुद्र तल से 4,804 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। यह ग्रेयन आल्प्स में फ्राँस, स्विट्ज़रलैंड और इटली में स्थित है।
    • मोंटे रोज़ा (Monte Rosa) एक ‘मैसिफ’ (पहाड़ों का एक संयुक्त समूह) है, जिसमें कई चोटियाँ हैं। इस श्रेणी की सबसे ऊँची चोटी डुफोरस्पित्ज़ (Dufourspitze) की ऊँचाई 4,634 मीटर है, जिसके स्विट्ज़रलैंड की सबसे ऊँची चोटी होने का दावा किया जाता है।
    • डोम जो मोंटे रोजा के पास स्थित है,  4,545 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है और इसे अपने सीधे मार्गों के कारण आल्प्स में ‘सुगम’ ऊँची चोटियों में से एक के रूप में जाना जाता है।
    • अन्य प्रमुख चोटियाँ लिस्कम, वीशोर्न, मैटरहॉर्न, डेंट ब्लैंच, ग्रैंड कॉम्बिन आदि हैं।

विश्व की प्रमुख पर्वत शृंखलाएँ:

Rift-Valley

स्रोत- द हिंदू