उत्तराखंड के पवनदीप राजन बने ‘इंडियन आइडल 12’ के विजेता | उत्तराखंड | 17 Aug 2021
            चर्चा में क्यों?
15 अगस्त, 2021 को संपन्न हुए सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 12’ के ग्रैंड फिनाले में उत्तराखंड के पवनदीप राजन विजेता बने। उन्हें पुरस्कारस्वरूप लग्जरी कार और 25 लाख रुपए मिले।
प्रमुख बिंदु
- उत्तराखंड के चंपावत निवासी पवनदीप को संगीत विरासत में मिला है। उनके पिता सुरेश राजन और ताऊ सतीश राजन ने उन्हें संगीत सिखाया है।
- उनके पिता सुरेश राजन कुमाऊँ के मशहूर लोकगायक हैं तथा दादाजी स्व. रति राजन भी प्रसिद्ध लोकगायक थे। 
- पवनदीप की नानी भी लोकगायिका थीं। पवनदीप की बहन ज्योतिदीप भी एक गायिका हैं।
- पवनदीप राजन गीत गाने के साथ ही विभिन्न तरह के म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बजाने में माहिर हैं।
 
    
    
      उत्तराखंड में कक्षा 10 व 12 के छात्रों के लिये मुफ्त टैबलेट | उत्तराखंड | 17 Aug 2021
            चर्चा में क्यों?
15 अगस्त, 2021 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के कक्षा 10 और 12 के छात्रों के लिये मुफ्त टैबलेट के वितरण सहित कई घोषणाएँ की।
प्रमुख बिंदु
- देहरादून में पुलिस लाइन पर तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए यह घोषणा की। 
- उन्होंने पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट कार्यों के लिये प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा के नाम पर ‘सुंदरलाल बहुगुणा प्रकृति संरक्षण पुरस्कार’ की स्थापना करने और राज्य में भूमि कानूनों के बारे में आशंकाओं को दूर करने के लिये एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने की भी घोषणा की। 
- साथ ही टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी में शानदार प्रदर्शन करने वाली वंदना कटारिया की सफलता से उत्साहित होकर खेल के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को समर्थन और पोषण देने के लिये एक नई खेल नीति तैयार करने की भी घोषणा की।
- इसी के साथ उन्होंने पवेलियन ग्राउंड से भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘देश के लिये दौड़’(एक दौड़ देश के नाम) को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।