विश्व हाथी दिवस 2025 | 12 Aug 2025

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2025 को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) ने तमिलनाडु वन विभाग के सहयोग से कोयंबटूर में विश्व हाथी दिवस समारोह की मेज़बानी की।

  • मानव-हाथी संघर्ष (HEC) पर एक विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिससे हाथी क्षेत्र वाले राज्यों को चुनौतियाँ साझा करने और शमन रणनीतियों पर चर्चा करने के लिये एक मंच प्रदान किया गया। यह प्रोजेक्ट एलीफेंट के उस लक्ष्य के अनुरूप था, जो मानव-हाथी संघर्षों को दूर करने के लिये सामुदायिक भागीदारी तथा वैज्ञानिक समाधानों पर ज़ोर देता है।
  • राष्ट्रव्यापी जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के 5,000 स्कूलों के लगभग 12 लाख बच्चों को शामिल करना था।

मुख्य बिंदु 

विश्व हाथी दिवस के बारे में: 

  • विश्व हाथी दिवस की स्थापना 12 अगस्त, 2012 को कनाडा की पैट्रिशिया सिम्स और थाईलैंड के एलिफेंट रीइंट्रोडक्शन फाउंडेशन द्वारा की गई थी।
  • वैश्विक जागरूकता निर्माण के अपने आरंभ से ही इसने विश्व भर में 100 हाथी संरक्षण संगठनों के साथ साझेदारी की है तथा असंख्य व्यक्तियों तक अपनी पहुँच बनाई है।
  • वर्ष 2025 का विषय है- "हाथियों की मदद के लिये विश्व को एक साथ लाना"।
  • नवंबर 2015 में एक गैर-लाभकारी संगठन के रूप में स्थापित विश्व हाथी सोसायटी का उद्देश्य वार्षिक विश्व हाथी दिवस अभियान का समर्थन करना है।
  • यह संगठन वैश्विक हाथी संरक्षण प्रयासों के बारे में जनता को शिक्षित करता है, विशेष रूप से विश्व हाथी दिवस के अवसर पर।

हाथियों के बारे में तथ्य

  • प्रजातियाँ: तीन- अफ्रीकी सवाना हाथी, अफ्रीकी वन हाथी और एशियाई हाथी।
  • आकार: अफ्रीकी सवाना हाथी सबसे बड़े होते हैं (4 मीटर तक लंबे तथा 6,800 किलोग्राम वज़न तक)।
  • जीवनकाल: जंगली हाथी आमतौर पर 60 से 70 वर्ष तक जीवित रहते हैं।
  • आहार: हाथी शाकाहारी होते हैं।
  • सूंड: सूंड एक बहुउपयोगी अंग है, जिसका प्रयोग साँस लेने, सूँघने, स्पर्श करने, पकड़ने और ध्वनि उत्पन्न करने के लिये किया जाता है।
  • दाँत (दंत): हाथी के दाँत वास्तव में बड़े आकार के कृंतक दाँत (incisors) होते हैं, जो लगभग 2 वर्ष की आयु में विकसित हो जाते हैं।
    • हाथियों को उनके दाँत (ivory) के कारण निशाना बनाया जाता रहा है, जिसके कारण अवैध वन्यजीव व्यापार को बढ़ावा मिला है और उनकी आबादी में भारी गिरावट आई है।
  • बुद्धि: हाथियों का मस्तिष्क किसी भी स्थलीय प्राणी की तुलना में सबसे बड़ा होता है।
  • सामाजिक संरचना: मादा हाथी परिवार समूहों में रहती हैं जिन्हें झुंड कहा जाता है, जिनका नेतृत्व एक मादा करती है। 
  • प्रजनन: हथिनी का गर्भधारण लगभग 22 महीने तक रहता है तथा नवजात शिशु का वज़न 200-300 पाउंड होता है।
  • संरक्षण स्थिति (IUCN रेड लिस्ट):
    • एशियाई हाथी: संकटग्रस्त (Endangered – EN)
    • सवाना हाथी: संकटग्रस्त (Endangered – EN)
    • वन हाथी: अति संकटग्रस्त (Critically Endangered – CR)

हाथियों के संरक्षण में भारत की भूमिका