विश्व कैंसर दिवस 2026 | 06 Feb 2026
चर्चा में क्यों?
कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शीघ्र पहचान को प्रोत्साहित करने और पूरे विश्व में कैंसर उपचार तक समान पहुँच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 4 फरवरी, 2026 को विश्व कैंसर दिवस मनाया गया।
मुख्य बिंदु:
- थीम: वर्ष 2026 की आधिकारिक थीम ‘यूनाइटेड बाय यूनिक (United by Unique)’ है, जो वर्ष 2025–27 की तीन वर्षीय वैश्विक अभियान शृंखला का हिस्सा है। यह इस तर्क को रेखांकित करती है कि प्रत्येक व्यक्ति का कैंसर अनुभव भिन्न होता है, फिर भी सभी को समान देखभाल और सम्मान मिलना चाहिये।
- यह थीम व्यक्ति-केंद्रित उपचार पर बल देती है तथा उपचार और उत्तरजीविता की योजना में व्यक्तिगत अनुभवों, आवश्यकताओं एवं सम्मान के महत्त्व को रेखांकित करती है।
- उद्देश्य: कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान और उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना।
- समय पर जाँच (स्क्रीनिंग) और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना।
- कैंसर से जुड़े मिथकों, कलंक और भय को तोड़ना।
- रोगियों, उत्तरजीवियों और देखभालकर्त्ताओं को समर्थन देना।
- पूरे विश्व में समान और गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल तक पहुँच में सुधार करना।
- भागीदारी: व्यक्ति, समुदाय, स्वास्थ्य संस्थान और सरकारें जागरूकता अभियानों, शैक्षिक कार्यक्रमों एवं जाँच गतिविधियों के माध्यम से कैंसर के विरुद्ध कार्रवाई को बढ़ावा देने में भाग लेते हैं।
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस तर्क पर ज़ोर देते हैं कि शीघ्र पहचान से जीवन बचते हैं और समय पर जाँच व जीवनशैली में बदलाव से अनेक कैंसर मामलों को रोका या बेहतर ढंग से प्रबंधित किया जा सकता है।
- रोकथाम योग्य कारण: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के विश्लेषण के अनुसार, लगभग 10 में से 4 नए कैंसर मामलों को जोखिम कम करने वाले उपायों जैसे तंबाकू से बचाव, अस्वस्थ आहार और शराब के सेवन में कमी तथा शारीरिक गतिविधि बढ़ाने से रोका जा सकता है।
- समानता और पहुँच: विश्व कैंसर दिवस विशेष रूप से निम्न और मध्यम आय वाले देशों में उच्च-गुणवत्ता वाली देखभाल तक समान पहुँच की आवश्यकता पर बल देता है, जहाँ संसाधनों तथा जागरूकता की कमी के कारण देर से निदान एवं खराब परिणाम देखने को मिलते हैं।
|
और पढ़ें: विश्व कैंसर दिवस, WHO |