‘ज़िम्मेदार पर्यटन’ पर कार्यशाला | 28 Sep 2021

चर्चा में क्यों?

27 सितंबर, 2021 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्तराखंड अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (USAC) ने हिमालयन नॉलेज नेटवर्क (HKN) के साथ ‘ज़िम्मेदार पर्यटन’ पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस कार्यशाला में भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और गढ़वाल एवं कुमाऊँ विश्वविद्यालयों के साथ-साथ पर्यटन और वन जैसे विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
  • कार्यशाला में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए यूएसएसी के निदेशक एम.पी.एस. बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की बहुत संभावनाएँ हैं। राज्य भर में ज़िम्मेदार पर्यटन लाने की आवश्यकता है। इस तरह की पहल से स्थानीय लोगों के लिये भी रोज़गार के अवसर पैदा होंगे। 
  • एचकेएन के नोडल अधिकारी गजेंद्र सिंह ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र में 145 से अधिक विश्वविद्यालय, 2,000 प्रोफेसर और 500 वैज्ञानिक अनुसंधान में शामिल हैं। अधिकांश संगठनों में सूचना साझा करना काफी सीमित है और इस मामले से निपटने के लिये एचकेएन की स्थापना की गई है।
  • उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (USAC) अंतरिक्ष-प्रौद्योगिकी संबंधी गतिविधियों के लिये उत्तराखंड राज्य में नोडल एजेंसी है तथा राज्य और उसके लोगों के लाभ के लिये अंतरिक्ष-प्रौद्योगिकी को नियोजित करने का अधिकार रखता है। इसका गठन 2005 में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तराखंड सरकार के तहत एक स्वायत्त संगठन के रूप में किया गया था।