वीरा राणा को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार | 30 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

29 नवंबर, 2023 को मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने चुनाव आयोग की सहमति मिलने के बाद 1988 बैच की आईएएस अधिकारी वीरा राणा को वर्तमान दायित्व के साथ राज्य की मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार देने के आदेश जारी किये।

प्रमुख बिंदु

  • सामान्य प्रशासन विभाग ने मध्य प्रदेश के वर्तमान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की सेवावृद्धि की अवधि समाप्त होने पर उन्हें 30 नवंबर, 2023 अपराह्न शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त किये जाने के आदेश भी जारी कर दिये गए।
  • विदित हो कि यह दूसरा अवसर होगा, जब एक महिला अधिकारी प्रदेश की मुख्य सचिव पद का दायित्व संभालेंगी। इससे पहले प्रदेश में 1960 बैच की अधिकारी निर्मला बुच को भाजपा सरकार में 22 सितंबर, 1991 को मुख्य सचिव बनाया गया था। वह 1 जनवरी, 1993 तक मुख्य सचिव रहीं।
  • वीरा राणा का जन्म उत्तर प्रदेश में 26 मार्च, 1964 को हुआ था। वह वर्तमान में माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष हैं और उनके पास कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार है। वह मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, खेल और युवा कल्याण, प्रशासन अकादमी और कुटीर और ग्रामोद्योग विभाग की ज़िम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
  • इकबाल सिंह बैंस के बाद वह प्रदेश में उपलब्ध अधिकारियों में सबसे वरिष्ठ हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने मुख्यमंत्री के अनुमोदन से वरिष्ठता के अनुसार पैनल भेजा था। चुनाव आयोग ने वरिष्ठता के आधार पर वीरा राणा के नाम पर सहमति दी है। वह मार्च, 2024 में सेवानिवृत्त होंगी।