वरुण वडेरिया ने यूरोप की सबसे ऊँची चोटी ‘माउंट एल्ब्रूज’पर लहराया तिरंगा | 04 Sep 2023

चर्चा में क्यों?

1 सितंबर, 2023 को मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के जॉइंट डायरेक्टर (वित्त) वरुण वडेरिया ने यूरोप की सबसे ऊँची चोटी ‘माउंट एल्ब्रूज’ पर तिरंगा लहराया है। 

प्रमुख बिंदु  

  • जानकारी के अनुसार वरुण वडेरिया ने इंटरनेशनल फेडरेशन फॉर क्लाइंबिंग एंड माउंटेनियरिंग से मान्यताप्राप्त संस्था नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ उत्तरकाशी से माउंटेनियरिंग कोर्स किया है।  
  • वडेरिया ने बताया कि समुद्र तल से 5642 मीटर ऊँचे ‘माउंट एल्ब्रूज’ पर चढ़ाई काफी चुनौतीपूर्ण रही। ऊँचाई पर तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहता है और हवा का बहाव काफी तेज़ होता है। चोटी की खड़ी चढ़ाई में हवा और ठंड आपकी कठोर परीक्षा लेती है। इसलिये यह यूरोप की न सिर्फ सबसे ऊँची चोटी है, बल्कि चुनौतीपूर्ण भी है।  
  • उन्होंने बताया कि एल्ब्रूज चोटी पर ऑक्सीजन और एयर प्रेशर काफी कम हो जाता है। इनके प्रभाव से साँस फूलने लगती है। लेकिन योग, प्राणायाम के कारण काफी फायदा मिला और औसत समय से पहले ही चढ़ाई पूरी कर ली।  
  • विदित है कि वडेरिया एक प्रशिक्षित पर्वतारोही हैं, जिनका लक्ष्य सेवन समिट (सप्त चोटी) पर तिरंगा फहराना है। सेवन समिट सात पारंपरिक महाद्वीपों में से प्रत्येक के सबसे ऊँचे पर्वत हैं।