वन महोत्सव अभियान | 06 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

5 जुलाई, 2022 को उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ज़िले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महर्षि वाल्मीकि के आश्रम सेहरिन गाँव स्थित कोदंड वन क्षेत्र में हरीशंकरी के पौधे रोपकर वन महोत्सव अभियान की शुरुआत की।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में प्राकृतिक खेती व बागवानी को बढ़ावा दिया जाएगा। गंगा किनारे वाले ज़िलों में यह प्रयोग सफल रहा है। अन्ना मवेशियों की समस्या से निदान दिलाया जाएगा। इसके साथ ही गाय के गोबर व गोमूत्र से कीटनाशक तैयार किया जाएगा, जिसका प्रयोग खेती में होगा।
  • उल्लेखनीय है कि इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 35 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य है। इसमें एक दिन में (5 जुलाई) को 25 करोड़ पौधे रोपे गए तथा 15 अगस्त को 5 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे।
  • प्रदेश में 7 लाख सहजन के पौधे नि:शुल्क देकर पीएम व सीएम आवासों के सामने लगाए जाएंगे। विदित है कि चित्रकूट में टाइगर रिज़र्व पार्क बनाया जा रहा है, जहाँ टाइगर्स को लाया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वन क्षेत्र में बसे गाँवों को जल्द एनओसी देकर विस्थापित करें और शहर से गाँव को जोड़ने का काम करें। विकास के कामों के लिये एनओसी या विवाद के मामले हों तो उन्हें प्राथमिकता से निपटाएँ।