उत्तराखंड करेगा असम के साथ सेब का व्यापार | 07 Nov 2023

चर्चा में क्यों? 

5 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड के कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तरकाशी ज़िले के हर्षिल में उत्पादित सेब का व्यापार असम की मंडियों में किया जाएगा।  

प्रमुख बिंदु  

  • उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने गुवाहाटी दौरे पर उत्तराखंड के सेब को असम तक पहुंच बढ़ाने के लिये मंडी विपणन बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान ये बात कही। 
  • उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी के हर्षिल का सेब कोलकाता तक पहुँचता है। इसे असम की मंडियों में पहुँचाया जा सकता है। यदि असम उत्तराखंड के साथ सेब का व्यापार करता है, तो इसके लिये प्रदेश सरकार सहयोग करने के लिये तैयार है। 
  • कृषि मंत्री गणेश जोशी ने असम राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज बरुआ और मुख्य कार्यकारी अधिकारी तेज प्रसाद भुसाल से असम की फल-सब्जी मंडियों की कार्यप्रणाली और कृषि के क्षेत्र में उर्वरक क्षमताओं, मार्केटिंग, उत्पादन, फसल कटाई के उपरांत प्रबंधन, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी ली।  
  • कृषि मंत्री को असम के अधिकारियों ने बताया कि असम कृषि विपणन बोर्ड में 700 कर्मचारी और 42 बोर्ड के सदस्य हैं। असम के गोलपाड़ा ज़िले के ड्रोंगगिरी क्षेत्र केले का बहुत बड़ा उत्पादक है, जहाँ से देश के कई राज्यों के लिये केले भेजे जाते हैं।