उत्तराखंड को जल्द मिलेगा लोकायुक्त | 30 Aug 2023

चर्चा में क्यों?

29 अगस्त, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के तहत उत्तराखंड सरकार जल्द ही लोकायुक्त की नियुक्ति कर सकती है। सबसे पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पाँच सदस्यीय चयन समिति बनेगी, जो लोकायुक्त की तलाश के लिये खोजबीन (सर्च) कमेटी का गठन करेगी।

प्रमुख बिंदु

  • कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के एक उच्चाधिकारी ने लोकायुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया गतिमान होने की पुष्टि की है।
  • गौरतलब है कि नैनीताल उच्च न्यायालय ने उत्तराखंड सरकार को तीन महीने में लोकायुक्त की नियुक्ति करने के आदेश दिये हैं। इस कारण लोकायुक्ता की नियुक्ति का मामला खासा गर्म है।
  • मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोकायुक्त व सदस्यों के चयन के लिये एक समिति बनाई जा रही है। समिति में विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश या उनके नाम देने पर हाईकोर्ट का कोई न्यायाधीश और राज्यपाल द्वारा दिये गए किसी विख्यात विधिवेत्ता को सदस्य बनाया जाना है।
  • कार्मिक विभाग के सूत्रों के मुताबिक, चयन समिति के चार नाम तय हो चुके हैं और पाँचवां नाम जल्द उपलब्ध हो जाने की उम्मीद है। गठन के बाद चयन समिति व्यक्तियों के नामों के पैनल तैयार करने के लिये एक सर्च कमेटी बनाएगी। सर्च कमेटी तीन गुना नामों की सिफारिश कर चयन समिति को भेजेगी। माना जा रहा कि धामी सरकार अगले दो-तीन महीनों में लोकायुक्त की नियुक्ति कर सकती है।