उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2022 | 06 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

4 जुलाई, 2022 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध शिल्प ग्राम, लखनऊ में चारदिवसीय ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2022’ का शुभारंभ किया। यह महोत्सव 7 जुलाई, 2022 तक आयोजित किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • आम महोत्सव के माध्यम से आम के उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन, निर्यात एवं गुणवत्ता में वृद्धि के सभी आयामों पर संबंधित विभागों/अधिकारियों/वैज्ञानिकों द्वारा आम उत्पादकों के साथ विचार-विमर्श करते हुए उन्हें जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
  • महोत्सव में आम के प्रसंस्कृत उत्पाद एवं पौधे भी बिक्री के लिये उपलब्ध होंगे।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि हर साल पहली से 7 जुलाई के बीच आम महोत्सव आयोजित किया जाए और इसमें देश के विभिन्न राज्यों के आम के बागवानों को आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित भी किया जाए।
  • कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आम का मेगा क्लस्टर बनाए जाने की घोषणा की। यह परियोजना अगले पाँच वर्षों में पूरी होगी। इस परियोजना के लिये केंद्र से 100 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है।
  • उन्होंने कहा कि अब लखनऊ में माल, मलिहाबाद और काकोरी फलपट्टी का आम देश और विदेश में काकोरी आम के नाम से भेजा जाएगा। इसी नाम से लखनऊ के आम की ब्रॉन्डिंग होगी। गौरतलब है कि वर्ष 2005 में तत्कालीन सरकार ने लखनऊ के आम की ब्रॉन्डिंग नवाब आम के नाम से की थी।