उत्सव पोर्टल पर राज्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी, राजस्थान चुना गया सर्वश्रेष्ठ राज्य | 20 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

हाल ही में पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘उत्सव पोर्टल’ पर जारी सूची में राजस्थान को सर्वश्रेष्ठ राज्य चुना गया है। इस सूची में केरल को दूसरा, उत्तर प्रदेश को तीसरा व अंडमान और निकोबार को चौथा स्थान मिला है।

प्रमुख बिंदु

  • राजस्थान को आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस के आधार पर प्रथम स्थान मिला है। राजस्थान ने सर्वाधिक 22 मेलों और उत्सवों से संबंधित समस्त सूचनाओं को उत्सव पोर्टल वेबसाइट पर अपलोड किया है।
  • राजस्थान अपने समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक स्थलों, प्रसिद्ध मंदिरों, प्राचीन दुर्गों, महलों, स्वादिष्ट व्यंजन और प्राकृतिक सौंदर्य के लिये देश-दुनिया में जाना जाता है।
  • राजस्थान में श्री गोविंद देवजी और मोती डूंगरी गणेश मंदिर (जयपुर) जैसे कई धार्मिक स्थलों के लाइव दर्शन लिंक के अलावा पुष्कर मेला (अजमेर), मेवाड़ उत्सव (उदयपुर), तीज उत्सव (जयपुर), कुंभलगढ़ उत्सव (राजसमंद), ब्रज होली महोत्सव (भरतपुर), गणगौर उत्सव (जयपुर), मरू महोत्सव (जैसलमेर) जैसे कई मेलों और उत्सवों की सूचना पोर्टल पर दर्ज की गई है।
  • उल्लेखनीय है कि उत्सव पोर्टल वेबसाइट एक डिजिटल पहल है। इसे केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने देश के पर्यटन स्थलों को वैश्विक पटल पर लाने और पर्यटकों की मदद के लिये कोरोना महामारी के समय वर्ष 2021 में शुरू किया था।
  • इसका उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में लोकप्रिय बनाने, मेलों, त्योहारों और प्रमुख मंदिरों में होने वाली पूजा-अर्चना, आरती का लाइव प्रसारण करना है, ताकि लोग घर बैठे इनका आनंद उठा सकें। साथ ही उन्हें आगामी यात्रा कार्यक्रम को बनाने में आसानी हो।
  • उत्सव पोर्टल पर पर्यटन संबंधित संपूर्ण जानकारी आसानी से उपलब्ध हो रही है। पोर्टल पर आधिकारिक सोशल मीडिया लिंक, आधिकारिक वेबसाइटें, विवरणिका और आयोजन समिति के संपर्क विवरण तथा हवाई, रेल और सड़क मार्ग से आसानी से गंतव्य तक पहुँचने की जानकारी प्रदान की जा रही है। इससे पर्यटकों को पर्यटन स्थलों तक पहुँचने की योजना बनाने में सहायता मिल रही है।
  • वेबसाइट पर 28 राज्यों और 9 केंद्रशासित प्रदेशों के विभिन्न धार्मिक मंदिरों की पूजा-आरती, पर्यटन स्थलों, कार्यक्रमों, मेलों और उत्सवों के लाइव दर्शन की जानकारी दी गई है। पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट को लगातार अपडेट किया जा रहा है। पर्यटन क्षेत्र में आने वाले सभी मेलों और उत्सवों से संबंधित नई जानकारी तेज़ी से वेबसाइट पर अपडेट की जा रही है।