यूपी-एग्रीस और एआई प्रज्ञा कार्यक्रम | 13 May 2025
चर्चा में क्यों?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा विश्व बैंक के अध्यक्ष की उपस्थिति में लखनऊ में ‘यूपी-एग्रीस’ और ‘एआई प्रज्ञा’ कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।
मुख्य बिंदु
- यूपी-एग्रीस के बारे में:
- यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और बुंदेलखंड क्षेत्रों के 28 ज़िलों में लागू किया जाएगा।
- इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि उत्पादकता में वृद्धि करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना और किसानों की आय बढ़ाना है।
- कार्यक्रम की कुल लागत 3900 करोड़ रुपए है, जिसमें 2737 करोड़ रुपए का ऋण विश्व बैंक द्वारा प्रदान किया जाएगा। जबकि राज्य सरकार इस योजना में 1166 करोड़ रुपए का अंशदान देगी।
- 6 वर्ष की यह ऋण सहायता, जिसे 1.23% ब्याज दर पर 35 वर्षों में चुकाया जाएगा, से 10 लाख किसान लाभान्वित होंगे — जिनमें से 30% महिलाएँ होंगी।
- इस परियोजना के तहत 10,000 महिला उत्पादक समूहों को जोड़ा जाएगा और 500 किसानों को उन्नत प्रशिक्षण के लिये विदेश भेजा जाएगा।
- एआई प्रज्ञा कार्यक्रम:
- ‘एआई प्रज्ञा’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल तकनीकों के क्षेत्र में नेतृत्वकारी राज्य के रूप में स्थापित करना है।
- इस कार्यक्रम के अंतर्गत 10 लाख युवाओं को AI, मशीन लर्निंग, डाटा एनालिटिक्स और साइबर सुरक्षा जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
- इस पहल से प्रदेश में AI आधारित स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा, रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और डिजिटली दक्ष कार्यबल का निर्माण होगा।
- कार्यक्रम का संचालन शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, सचिवालय प्रशासन जैसे विभिन्न राज्य विभागों के सहयोग से किया जाएगा।
विश्व बैंक:
- परिचय:
- इसे वर्ष 1944 में IMF के साथ मिलकर पुनर्निर्माण और विकास के लिये अंतर्राष्ट्रीय बैंक (IBRD) के रूप में स्थापित किया गया था। बाद में IBRD विश्व बैंक बन गया।
- विश्व बैंक समूह पाँच संस्थानों की एक अनूठी वैश्विक साझेदारी है जो विकासशील देशों में गरीबी को कम करने और साझा समृद्धि का निर्माण करने वाले स्थायी समाधानों के लिये कार्य कर रहा है।
- विश्व बैंक संयुक्त राष्ट्र की विशिष्ट एजेंसियों में से एक है।
- सदस्य:
- 189 देश इसके सदस्य हैं।
- भारत भी इसका सदस्य है।
- पाँच विकास संस्थान:
- अंतर्राष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (IBRD)
- अंतर्राष्ट्रीय विकास संघ (IDA)
- अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम (IFC)
- बहुपक्षीय गारंटी एजेंसी (MIGA)
- निवेश विवादों के निपटान के लिये अंतर्राष्ट्रीय केंद्र (ICSID)
- भारत ICSID का सदस्य नहीं है।
- विश्व बैंक की शेयरधारिता:
- 16.41% वोटों के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका सबसे बड़ा एकल शेयरधारक है, इसके बाद जापान (7.87%), जर्मनी (4.49%), यूनाइटेड किंगडम (4.31%), और फ्राँस (4.31%) का स्थान है। शेष शेयर अन्य सदस्य देशों के बीच विभाजित हैं।