केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने सेतु बंधन योजना में मध्य प्रदेश के लिये चार महत्त्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को दी मंज़ूरी | 18 Jan 2023

चर्चा में क्यों?

17 जनवरी, 2023 को मध्य प्रदेश लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेतु बंधन योजना में मध्य प्रदेश के लिये चार महत्त्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंज़ूरी दी है। यह विकास परियोजनाएँ भोपाल, सिवनी और ग्वालियर ज़िलों के लिये हैं।

प्रमुख बिंदु 

  • लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि छोला रेलवे ओवर ब्रिज काली परेड से अयोध्या बायपास भोपाल के निर्माण के लिये मंत्रालय ने 32 करोड़ 44 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। इसी प्रकार रेलवे ओवर ब्रिज नेशनल हाई-वे नंबर-7 सिवनी सिटी जिला सिवनी के लिये 126 करोड़ 40 लाख रुपए स्वीकृत किये हैं।
  • यह राशि केंद्रीय सड़क और अधो-संरचना कोष अधिनियम 2000 सेतु बंधन योजना में स्वीकृत की गई है।
  • इसी प्रकार मंत्रालय ने सेतु बंधन योजना में रेलवे अंडर ब्रिज डबरा रेलवे स्टेशन के पास हरिशंकर पुरम से महलगांव रेलवे ट्रैक ग्वालियर और मोहना रेलवे ओवरब्रिज ग्वालियर के प्रस्ताव को भी मंज़ूरी दे दी है।
  • मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि इससे जिलों के विकास को और ज़्यादा गति मिलेगी। बढ़ती सड़क अधो-संरचना से मध्य प्रदेश देश की अर्थ-व्यवस्था में भरपूर योगदान देने में सक्षम बनेगा।