गोरखपुर के उमा सिंह ने माउंट फ्रेंडशिप पर साइकिल से की चढ़ाई | 08 Nov 2022

चर्चा में क्यों?

हाल ही में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर ज़िले के उमा सिंह ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में इतिहास रचते हुए हिमाचल प्रदेश में मनाली स्थित माउंट फ्रेंडशिप की चोटी साइकिल से फतह कर नया रिकॉर्ड बनाया है और इस तरह वे साइकिल से इस पर्वत की चोटी पर पहुँचने वाले पहले पर्वतारोही बन गए हैं।

प्रमुख बिंदु

  • विदित है कि गोरखपुर में बांसगांव तहसील क्षेत्र के गोड़सैरा गाँव के रहने वाले उमा सिंह ने 25 अक्टूबर को साइकिल से इस यात्रा की शुरुआत की थी। उन्होंने साइकिल से ही 2 नवंबर को मनाली तक करीब 1400 किमी. का सफर पूरा किया। वहाँ से 2 नवंबर को ही इस अभियान की शुरुआत कर दी। पूरी यात्रा में उन्हें कुल 12 दिन लगे थे।
  • 17,346 फीट ऊँचे माउंट फ्रेंडशिप का शीर्ष करीब दो सौ मीटर तक दीवार की तरह खड़ा है। इसलिये वहाँ तक पहुँचना संभव नहीं था। गाइड के निर्देशानुसार टॉप से 200 मीटर नीचे से ही उन्होंने तिरंगा फहराने के बाद वापसी की।
  • इससे पहले भी उमा सिंह 15 से 17 जुलाई के बीच कश्मीर से कन्याकुमारी (3629 किमी.) का सफर किराए की स्पोर्ट्स बाइक से रिकॉर्ड 63 घंटे 35 मिनट 20 सेकेंड में तय किया था और 12 से 15 अगस्त के बीच हिमालय पर्वत की चार चोटियों पर साइकिल से चढ़ाई कर पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे पर्वतारोही बने थे।
  • इसके अलावा उन्होंने 15 अगस्त, 2021 को अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउंट किलिमंजारो (19340 फीट) पर साइकिल से चढ़ाई कर तिरंगा फहराया था।
  • विदित है कि 30 नवंबर, 2020 से 10 फरवरी, 2021 के बीच 73 दिनों में 12,271 किमी. का सफर साइकिल से पूरा करने का रिकॉर्ड उमा के नाम है। इस दौरान उन्होंने देश के सभी राज्यों और उनकी राजधानी तक अपनी दस्तक दी।