कॉर्डियोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया की बिहार इकाई का दो दिवसीय 29वाँ वार्षिक सम्मेलन | 31 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

28-29 अक्तूबर, 2023 तक कॉर्डियोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया की बिहार इकाई के दो दिवसीय 29वें वार्षिक सम्मेलन का होटल मौर्या में आयोजन किया गया। 

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस सम्मेलन का शुभारंभ किया था। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से हृदय रोग विशेषज्ञ शामिल हुए थे। 
  • सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पी.एम.सी.एच.) को 5462 बेड का अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश अस्पताल बनाया जा रहा है, ताकि मरीज़ों का इलाज और बेहतर ढंग से हो सके।
  • निश्चय-2 में बाल हृदय योजना की शुरुआत की गई। इसके तहत जन्म से हृदय में छेदवाले बच्चों का नि:शुल्क इलाज करवाया जाता है। पटना में ही अब इसके इलाज की व्यवस्था की गई है। आई.जी.आई.सी. में 198 बच्चों का और आई.जी.आई.एम.एस. में 24 बच्चों का इलाज हो चुका है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य में 6 मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल थे, जो अब बढ़कर 13 हो गए हैं। कई अस्पतालों का और विस्तार किया जा रहा है। आई.जी.आई.एम.एस. पटना में 2500, एन.एम.सी.एच. पटना में 2500, एस.के.एम.सी.एच, मुज़फ्फरपुर में 2500 बेड, डी.एम.सी.एच दरभंगा में 2500 बेड का विस्तार किया जा रहा है।
  • राजवंशी नगर अस्पताल को हड्डी रोग के इलाज का विशिष्ट अस्पताल बनाया गया है, जिसका नामकरण लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल किया गया है। आँख के लिये राजेंद्र नगर अस्पताल को विशिष्ट अस्पताल बनाया गया है। डायबिटीज के लिये न्यू गार्डिनर अस्पताल को विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है।